-
सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने राज्यभर में 21 जून को आयोजित होने वाली नीट पुनर्परीक्षा के सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को लोक सेवा भवन में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव अनु गर्ग ने की। इसमें विभिन्न विभागों के सचिवों ने भाग लिया। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत शर्मा ने भी वर्चुअल माध्यम से जिला कलेक्टरों के साथ संवाद कर जिलास्तरीय तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में अधिकारियों को परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन को बसों तथा अन्य यातायात साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि परीक्षार्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें।
राज्य सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात पर्यवेक्षक, पुलिस कर्मी तथा मजिस्ट्रेट निर्धारित समय से पहले अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें और पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
परीक्षा से पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों को सैनिटाइज किया जाएगा। साथ ही जिला कलेक्टरों को निर्देश दिया गया है कि 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों को सुबह 8 बजे तक समाप्त कर लिया जाए, ताकि नीट पुनर्परीक्षा की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक में सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी लॉजिस्टिक, प्रशासनिक एवं सुरक्षा उपायों का विस्तृत आकलन किया गया। राज्य सरकार ने निष्पक्ष, सुरक्षित और सुव्यवस्थित परीक्षा संचालन के लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने का निर्देश दिया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
