-
कोलकाता से पुरी जा रही आंध्र प्रदेश की पर्यटक बस एनएच-16 पर डिवाइडर से टकराई
-
करीब 50 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
बालेश्वर। बालेश्वर जिले में रविवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें आंध्र प्रदेश के श्रद्धालुओं को लेकर पुरी जा रही एक पर्यटक बस डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बस चालक की मौत हो गई, जबकि बस में सवार लगभग 50 यात्रियों को पुलिस और अग्निशमन दल ने सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए सोरो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, बस आंध्र प्रदेश के विजयनगरम से श्रद्धालुओं को लेकर पश्चिम बंगाल के कोलकाता और दीघा सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के बाद पुरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान रविवार सुबह करीब 5:30 बजे सोरो थाना क्षेत्र के बिदु बाजार के पास बस अनियंत्रित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर से टकरा गई।
मृतक चालक की पहचान के. वेंकटेश्वर (54) के रूप में हुई है। घायलों में बी नारायणम, बी सनसमा (45), मेगायम पद्मा, के रामबाव, सुशीला, बी रामलामा, एम नरसिंहम, पी गोविंदा, के रंगदेश्वरम, जी श्यामसुंदरम आदि शामिल हैं।
आशंका जताई गई है कि 54 वर्षीय चालक के वेंकटेश्वर को झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
