-
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने किया सांकेतिक अनशन
-
निष्पक्ष जांच और बेहतर इलाज की मांग
-
सरकार बोली- रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
भुवनेश्वर/केंद्रापड़ा। महाकालपड़ा की सरपंच चमेली ओझा मामले को लेकर ओडिशा में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। सामाजिक कार्यकर्ताओं के एक समूह ने न्याय, बेहतर चिकित्सा सुविधा और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर संयुक्त बयान जारी किया तथा लोक शक्ति अभियान से जुड़े प्रफुल्ल सामंतराय और कल्याण आनंद ने उनके समर्थन में सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक एक दिवसीय उपवास रखा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से चमेली ओझा को उन्नत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस बीच राज्य सरकार ने पूरे मामले पर विस्तृत रिपोर्ट तलब कर ली है। कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि सरकार घटनाक्रम पर लगातार नजर रखे हुए है और जिला प्रशासन तथा पुलिस अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले आधिकारिक तथ्यों और साक्ष्यों की जांच जरूरी है तथा रिपोर्ट मिलने के बाद ही आवश्यक प्रशासनिक या कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर जवाबदेही तय की जाएगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
