-
मां बसुमती के आशीर्वाद से समृद्ध, स्वाभिमानी और सशक्त ओडिशा के निर्माण के लिए सभी नागरिकों से एकजुट होने की अपील की
-
रज पर्व ओड़िया अस्मिता, नारी सम्मान और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक : मोहन
भुवनेश्वर। ओडिशा के विख्यात रज उत्सव के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मां बसुमती का आशीर्वाद लेकर समृद्ध, स्वाभिमानी, सशक्त और विकसित ओडिशा के निर्माण के लिए नया संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों से ही राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकता है।
मुख्यमंत्री ने रज पर्व को ओडिशा की संस्कृति, प्रकृति और सामाजिक एकता का प्रतीक बताते हुए सभी नागरिकों से राज्य के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि साझा संकल्प और निरंतर प्रयासों से विकसित ओडिशा का सपना जल्द साकार होगा।
मोहन चरण माझी ने पवित्र रज पर्व के अवसर पर राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व ओड़िया अस्मिता, मातृशक्ति और प्रकृति के प्रति गहरी श्रद्धा का जीवंत प्रतीक है। अपने संदेश में कहा कि रज केवल ऋतु परिवर्तन का उत्सव नहीं, बल्कि सनातन सांस्कृतिक चेतना, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और नारीत्व के सम्मान की अनूठी अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि यह परंपरा नारी की पवित्रता, सृजनशीलता और मातृत्व की गरिमा को सर्वोच्च स्थान प्रदान करती है तथा ओड़िया समाज के स्वाभिमान को एक विशिष्ट पहचान देती है।
ओड़िया सांस्कृतिक मान्यताओं को बताया
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओड़िया सांस्कृतिक मान्यताओं के अनुसार रज के तीन दिनों में स्वयं धरती माता विश्राम करती हैं। इसी विश्वास के तहत किसान कृषि कार्यों को विराम देकर मातृभूमि के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। वहीं परिवारों में बेटियों, माताओं और बहनों को दैनिक जिम्मेदारियों से मुक्त रखकर उनके सम्मान, स्वतंत्रता और आनंद का उत्सव मनाया जाता है।
सरकार में वैज्ञानिक एवं मानवीय दर्शन को महत्व
उन्होंने कहा कि विश्राम और सृजन के इस वैज्ञानिक एवं मानवीय दर्शन को राज्य सरकार भी अपने प्रशासनिक दृष्टिकोण में महत्व दे रही है। इसी सोच के अनुरूप कार्यरत महिलाओं के लिए अतिरिक्त विशेष अवकाश की ऐतिहासिक व्यवस्था की गई है, ताकि मातृशक्ति के सम्मान और स्वाभिमान को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
किसानों के कल्याण और कृषि विकास की प्रतिबद्धता दोहराई
मुख्यमंत्री ने किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों के परिश्रम को समृद्धि में बदलने तथा उनके जीवन में सम्मान और प्रगति के नए अवसर सृजित करने के लिए संकल्पबद्ध है।
रज पर्व विकास की यात्रा को नई गति प्रदान करेगा
उन्होंने आशा व्यक्त की कि रज पर्व विकास की यात्रा को नई गति प्रदान करेगा, सामाजिक सद्भाव और पारिवारिक रिश्तों को और मजबूत बनाएगा तथा प्रत्येक ओड़िया के मन में नई आशा, नया उत्साह और नए संकल्प का संचार करेगा। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से मां बसुमती के आशीर्वाद के साथ समृद्ध, स्वाभिमानी, सशक्त और विकसित ओडिशा के निर्माण के लिए पुनः संकल्प लेने का आह्वान किया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
