Home / Odisha / क्रेडाई ओडिशा ने 2026-28 के लिए नई कार्यकारिणी की घोषणा

क्रेडाई ओडिशा ने 2026-28 के लिए नई कार्यकारिणी की घोषणा

  • स्वदेश कुमार राउतराय बने चेयरमैन

  • अनिल कुमार अग्रवाल को मिली अध्यक्ष की जिम्मेदारी

भुवनेश्वर। ओडिशा के रियल एस्टेट क्षेत्र के प्रमुख संगठन क्रेडाई ओडिशा ने वर्ष 2026-28 के लिए अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। भुवनेश्वर स्थित होटल मेफेयर कन्वेंशन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नई नेतृत्व टीम ने औपचारिक रूप से पदभार संभाला। इस अवसर पर राज्य और देशभर से रियल एस्टेट क्षेत्र के वरिष्ठ उद्योगपति, डेवलपर्स, नीति-निर्माता और अन्य प्रमुख हितधारक मौजूद रहे।

नवगठित कार्यकारिणी में स्वदेश कुमार राउतराय को चेयरमैन, अनिल कुमार अग्रवाल को अध्यक्ष, उमेश खंडेलवाल, उमाशंकर पाणिग्राही, दिनेश सिंघानिया और सूर्यकांत बेहरा को उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं विभु चंदन जेना को सचिव, रोनक दुगार को संयुक्त सचिव तथा अश्विनी कुमार पाढ़ी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

चुनाव एवं चयन प्रक्रिया का संचालन क्रेडाई ओडिशा के संस्थापक सदस्य मधु मोहंती, मोहम्मद मुकिम तथा सलाहकार बोर्ड सदस्य प्रीतिरंजन महारणा ने किया।

समारोह में ओडिशा के उद्योग, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री संपद चंद्र स्वाईं, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी, भुवनेश्वर एकाम्र के विधायक बाबू सिंह, ओडिशा रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (ओरेरा) के अध्यक्ष असित कुमार महापात्र तथा क्रेडाई नेशनल के पूर्वी क्षेत्र के उपाध्यक्ष एवं क्रेडाई ओडिशा के चेयरमैन स्वदेश कुमार राउतराय सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर स्वदेश कुमार राउतराय ने कहा कि नया कार्यकाल उत्कृष्टता, पारदर्शिता और जिम्मेदार विकास के प्रति संगठन की नई प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे ओडिशा के रियल एस्टेट क्षेत्र में विश्वास को मजबूत करने, बेहतर कार्यप्रणालियों को अपनाने तथा टिकाऊ विकास सुनिश्चित करने के लिए सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम किया जाएगा।

क्रेडाई ओडिशा के अध्यक्ष अनिल कुमार अग्रवाल ने कहा कि ओडिशा तेजी से देश के प्रमुख रियल एस्टेट गंतव्यों में शामिल हो रहा है। ऐसे समय में संगठन उद्योग के विकास को सही दिशा देने, नियामकीय अनुपालन सुनिश्चित करने, नैतिक विकास को बढ़ावा देने और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगा।

नई नेतृत्व टीम ने विश्वास जताया कि ओडिशा में रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेश और आवासीय परियोजनाओं की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं। क्रेडाई ओडिशा उद्योग मानकों को मजबूत करने, पारदर्शिता बढ़ाने, प्रगतिशील नीतियों को प्रोत्साहित करने और क्षेत्र में भरोसे का वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। राज्य में बढ़ती निवेश संभावनाओं और आवासीय मांग को देखते हुए संगठन आने वाले वर्षों में रियल एस्टेट क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …