Home / Odisha / सेप्टिक टैंक में छह लोगों की मौत पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग सख्त

सेप्टिक टैंक में छह लोगों की मौत पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग सख्त

  •         ओडिशा सरकार और कलाहांडी पुलिस अधीक्षक से दो सप्ताह में मांगी विस्तृत रिपोर्ट

  •         मानवाधिकार उल्लंघन पर जताई चिंता

भुवनेश्वर। कलाहांडी जिले में सेप्टिक टैंक में दम घुटने से छह लोगों की मौत के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने ओडिशा सरकार से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। आयोग ने इस घटना को गंभीर मानते हुए स्वतः संज्ञान लिया है और इसे मानवाधिकारों के संभावित उल्लंघन से जुड़ा मामला बताया है।

आयोग ने ओडिशा के मुख्य सचिव तथा कलाहांडी के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

गौरतलब है कि 26 मई को कलाहांडी जिले के गौड़ा कार्लाखुंटा गांव में निर्माण कार्य के दौरान राजमिस्त्रियों ने एक सेप्टिक टैंक खोला था। इसी दौरान एक मजदूर दुर्घटनावश टैंक के भीतर गिर गया। उसे बचाने के लिए अन्य लोग भी टैंक में उतरे, लेकिन जहरीली गैस और विषैले धुएं के संपर्क में आने से उनका दम घुट गया। इस हादसे में कुल छह लोगों की मौत हो गई थी।

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने अपने अवलोकन में कहा कि यह घटना अत्यंत गंभीर है और इससे मानवाधिकारों की सुरक्षा तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।

आयोग ने जो रिपोर्ट मांगी है, उसमें मामले की जांच की वर्तमान स्थिति, घायल मजदूर के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी तथा मृतकों के परिजनों को दिए गए मुआवजे का विवरण शामिल करने को कहा गया है।

इस बीच, घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच जारी है और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। आयोग की कार्रवाई के बाद मामले पर राज्य प्रशासन की जवाबदेही और बढ़ गई है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …