-
बीएलओ ने घर-घर जाकर सत्यापन किया प्रारंभ
भुवनेश्वर। ओडिशा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की शुरुआत शनिवार से हो गई। इसके तहत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने राज्यभर में घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन अभियान शुरू किया है, जो 28 जून तक जारी रहेगा।
अभियान के तहत बीएलओ मतदाताओं के घरों तक पहुंचकर गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) वितरित कर रहे हैं तथा मतदाता सूची में विवरण अद्यतन करने में उनकी सहायता कर रहे हैं।
चुनाव अधिकारियों के अनुसार, इस पुनरीक्षण प्रक्रिया का उद्देश्य आगामी चुनावों से पहले मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना है। इसके अलावा, पात्र नए मतदाताओं का नामांकन, तथा मतदाता सूची में संशोधन, नाम जोड़ने और हटाने से संबंधित आवश्यक जानकारी भी एकत्र की जा रही है।
गौरतलब है कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान के बाद 5 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके पश्चात 5 जुलाई से 4 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 6 सितंबर को किया जाएगा।
चुनाव आयोग ने नागरिकों से अपील की है कि वे सत्यापन प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों को सहयोग करें और निर्धारित समय के भीतर आवश्यक दस्तावेज जमा करें। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान राज्य में अधिक सटीक, व्यापक और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
