-
दो दिवसीय ओडिशा दौरे के दौरान आध्यात्मिक आस्था और संगठनात्मक रणनीति पर दिया जोर
पुरी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पुरी श्रीमंदिर पहुंचकर भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा, भगवान बलभद्र तथा भगवान सुदर्शन के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उनका यह दौरा ओडिशा के दो दिवसीय कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसमें आध्यात्मिक चिंतन के साथ पार्टी की रणनीतिक गतिविधियों को भी महत्व दिया गया।
नितिन नवीन के साथ मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा, ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल तथा पुरी सांसद संबित पात्र भी मौजूद रहे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नितिन नवीन सिंहद्वार से श्रीमंदिर में प्रवेश किए। इस दौरान कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने भी श्रीमंदिर पहुंचकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए।
करीब एक घंटे तक मंदिर परिसर में रहने के दौरान नितिन नवीन ने आध्यात्मिक चिंतन किया और पार्टी के मूल मूल्यों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सभी को जय जगन्नाथ। भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद भगवान का आशीर्वाद हमारे लिए विशेष महत्व रखता है। हम प्रार्थना करते हैं कि भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ हमने ओडिशा के लोगों की शांति, समृद्धि और सुख-समृद्धि की कामना की है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
