Home / National / ओडिशा में मॉब लिंचिंग में जीआरपी जवान की मौत
SOUMYA ओडिशा में मॉब लिंचिंग में जीआरपी जवान की मौत

ओडिशा में मॉब लिंचिंग में जीआरपी जवान की मौत

  • दो युवकों को बांधकर पीटा

  • महिलाओं से दुर्व्यवहार के आरोप के बाद भड़की हिंसा

  • अब तक पांच गिरफ्तार

भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में स्थित बालियंता क्षेत्र में हुई मॉब लिंचिंग में जीआरपी जवान की मौत हो गई है, जबकि दूसरे की हालत काफी नाजुक है। घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। महिलाओं से कथित दुर्व्यवहार के आरोप के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ ने दो युवकों को पकड़कर बेरहमी से पीटा था। पुलिस ने इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है और वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

घटना गुरुवार भिंगारपुर इलाके में हुई। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो युवकों की टक्कर एक स्कूटी से हुई, जिस पर दो महिलाएं सवार थीं। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान युवकों ने महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने की कोशिश की। महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते मामला हिंसक रूप ले बैठा।

हाथ-पैर बांस से बांधे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुस्साई भीड़ ने दोनों युवकों को पकड़ लिया, उनके हाथ-पैर बांस से बांध दिए और सार्वजनिक रूप से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान किसी ने भी स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश नहीं की और भीड़ लगातार हमला करती रही। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को बाद में अस्पताल पहुंचाया गया।

इलाज के दौरान हुई एक की मौत

घायलों में 32 वर्षीय सौम्य रंजन स्वाईं की इलाज के दौरान मौत हो गई। सौम्य जीआरपी में कांस्टेबल के रूप में कार्यरत थे और अणसपुर के निवासी बताए गए हैं। दूसरे युवक ओम प्रकाश राउत की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। पुलिस ने अस्पताल में उनका बयान दर्ज किया है।

हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू

घटना के बाद ओडिशा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच किसी पुरानी दुश्मनी की जानकारी नहीं मिली है। हालांकि, पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच की जा रही है।

घटना में तीन पक्ष शामिल

भुवनेश्वर डीसीपी जगमोहन मीणा ने कहा कि इस घटना में तीन पक्ष शामिल थे। एक स्कूटी सवार दो महिलाएं, दूसरा बाइक सवार युवक और तीसरा हमला करने वाले स्थानीय लोग। उन्होंने बताया कि मृतक के साथी से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं।

जीआरपी जवान पर छेड़छाड़ का आरोप

उन्होंने बताया कि महिलाओं में से एक ने सौम्य रंजन स्वाईं के खिलाफ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है और पुलिस ने उसका बयान भी रिकॉर्ड किया है। पुलिस अब वायरल वीडियो फुटेज की गहन जांच कर रही है ताकि हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। शुरुआती चरण में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन जांच आगे बढ़ने के साथ गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिखाई देने वाले हर व्यक्ति की भूमिका की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सीएम माझी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने युवक की हत्या की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ओडिशा के पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया से इस घटना को लेकर बातचीत की और मामले की गहन जांच करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशासन और सुरक्षा बलों को सतर्क रहने की सलाह

मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन और सुरक्षा बलों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि राज्य में इस प्रकार की मॉब लिंचिंग या भीड़ हिंसा की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर देते हुए अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

राज्य महिला आयोग से की चर्चा

मुख्यमंत्री ने इस मामले को लेकर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष शोभना मोहृंती से भी चर्चा की। बताया गया है कि वह शुक्रवार को बालियंता जाएंगी और घटना के दौरान कथित रूप से दुर्व्यवहार का शिकार हुई महिलाओं से बातचीत करेंगी। साथ ही मामले के सभी पहलुओं की जांच कर वास्तविक तथ्यों का पता लगाने का प्रयास करेंगी।

Share this news

About admin

Check Also

एएसआरएचएमसी ने 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया

ताडेपल्लीगुडेम, एएसआरएचएमसी ने आज अपने कैंपस में 80वां स्वतंत्रता दिवस शानदार तरीके से मनाया, जिसमें …