Home / Odisha / कटक में सामूहिक झड़प के बाद ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की हत्या

कटक में सामूहिक झड़प के बाद ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की हत्या

  • आक्रोशित लोगों ने आरोपी हत्यारों की संपत्ति की आग हवाले

  • एक पोल्ट्री फार्म, एक ट्रैक्टर, एक कार और दो बाइक जलकर राख

  • गांव में अग्निशमन कर्मियों को भी गांव में घुसने नहीं दिया

कटक। कटक जिले के आठगढ़ की कुलेइलो पंचायत के तहत तालगढ़ गांव में बुधवार की रात एक सामूहिक झड़प के बाद कुछ बदमाशों ने कथित तौर पर ट्रैक्टर से कुचलकर एक युवक की हत्या कर दी। मृतक की पहचान आठगढ़ के पास राधाकृष्णपुर गांव के सुशांत राणा के रूप में बतायी गई है। झड़प के बाद गंभीर रूप से घायल राणा को इलाज के लिए ढेंकानाल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

राणा की मौत की खबर फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया तथा क्रोधित परिवार के सदस्यों और राधाकृष्णपुर गांव के निवासियों ने हत्यारोपी की संपत्तियों को आग के हवाले कर दिया। आगजनी में आरोपियों का एक पोल्ट्री फार्म, एक ट्रैक्टर, एक कार और दो बाइक जलकर राख हो गईं।

ग्रामीण गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। वे इतने गुस्से में थे कि उन्होंने आग बुझाने के लिए बुलाए गए अग्निशमन कर्मियों को भी गांव में घुसने नहीं दिया। आरोपियों के खिलाफ खुंटुनी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। राणा की मौत और उसके बाद हुई आगजनी के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त हो गया। झड़प को बढ़ने से रोकने के लिए इलाके में एक प्लाटून पुलिस बल तैनात किया गया है। ग्रामीणों को शांत करने और कानून व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए कटक के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, चौद्वार एसडीपीओ और खुंटुनी आईआईसी मौके पर डेरा डाले हुए हैं।

Share this news

About desk

Check Also

कटक स्थित सेंट्रल रेंज कार्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस

    आईजी डॉ सत्यजीत नायक ने दिलाई शपथ कटक। कटक स्थित सेंट्रल रेंज कार्यालय …