नई दिल्ली। महाराष्ट्र से भाजपा की राज्यसभा सदस्य मेधा विश्राम कुलकर्णी ने सोमवार को सदन में पुणे को राजधानी, तेजस और वंदे भारत जैसी हाई स्पीड ट्रेनों की कनेक्टिविटी देने की मांग की।
मेधा विश्राम कुलकर्णी ने शून्यकाल के दौरान सदन में पुणे की रेल कनेक्टिविटी की समस्या और हाई स्पीड ट्रेन की मांग पर सदन का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि पुणे से दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई और हैदराबाद जैसे प्रमुख महानगरों तक राजधानी, तेजस, वंदे भारत जैसी उच्च गति ट्रेन उपलब्ध नहीं हैं। इससे व्यापारियों, छात्रों और अन्य यात्रियों को असुविधा महसूस होती है।
उन्होंने कहा कि आज पुणे से दिल्ली के लिए झेलम और गोवा एक्सप्रेस जैसी ट्रेन हैं, जो 26-28 घंटे में यह दूरी तय करती हैं। पुणे से कोई राजधानी ट्रेन नहीं है। ऐसे में मुंबई जाकर राजधानी ट्रेन पकड़नी होती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली से बेंगलुरु या हैदराबाद जाने वाली राजधानी ट्रेनों को प्रतिदिन या सप्ताह में तीन बार वाया पुणे चलाया जाए। इसके अलावा उन्होंने पुणे से कोलकाता के लिए वंदे भारत या तेजस जैसी हाई स्पीड ट्रेन चलाने की मांग की।
साभार – हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
