-
अरविंद पाढ़ी ने सभी जिलाधिकारियों व म्युनिसिपल कमिश्नरों को पत्र लिखा
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने राज्य में चल रही जनगणना प्रक्रिया में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग अरविंद पाढ़ी ने इस संबंध में सभी जिलों के जिलाधिकारियों व म्युनिसिपल कमिश्नरों को पत्र लिखा है।
इस पत्र में कहा गया है कि जनगणना 2027 का पहला चरण हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना 16 अप्रैल से राज्यभर में शुरू हो चुका है, जो 15 मई 2026 तक जारी रहेगा। इस दौरान जनगणना कर्मी घर-घर जाकर आवासीय स्थिति, घरेलू सुविधाओं और संपत्तियों से संबंधित आंकड़े एकत्र कर रहे हैं।
यह पत्र राज्य के विभिन्न जिलों से सामने आई चिंताजनक घटनाओं के बाद लिखा गया है है। सोनपुर जिले में एक गणनाकर्मी की ड्यूटी से लौटने के बाद हृदयाघात से मृत्यु की सूचना मिली है। मयूरभंज जिले में एक महिला गणनाकर्मी के लापता होने की खबर है। वहीं बालेश्वर जिले में हीट स्ट्रोक और मामूली दुर्घटनाओं के कई मामले सामने आए हैं, जबकि राउरकेला से भी एक दुर्घटना की सूचना मिली है।
इन घटनाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने सभी कलेक्टर-कम-प्रिंसिपल जनगणना अधिकारियों और नगर निगम आयुक्तों को निर्देश दिए हैं कि वे हीट वेव से जुड़े जोखिमों को कम करने, फील्ड कार्य के दौरान संभावित खतरों की पहचान करने और गणनाकर्मियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही, गणनाकर्मियों को सुरक्षा प्रोटोकॉल और एहतियाती उपायों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया है, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए जनगणना कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
