Home / Odisha / विकसित ओडिशा में हेल्थ सेक्टर बनेगा ग्रोथ इंजन: प्रो प्रभास रंजन त्रिपाठी
AIIMS

विकसित ओडिशा में हेल्थ सेक्टर बनेगा ग्रोथ इंजन: प्रो प्रभास रंजन त्रिपाठी

  • विजनरी टॉक में हेल्थ टूरिज्म को बताया 2036 और 2047 के विकास का मजबूत आधार

भुवनेश्वर। भुवनेश्वर में आयोजित “विजनरी टॉक एट विकसित ओडिशा 2036” कार्यक्रम में स्वास्थ्य क्षेत्र की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण विचार सामने आए। प्रो प्रभास रंजन त्रिपाठी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, एम्स भुवनेश्वर
ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित ओडिशा और विकसित भारत के निर्माण में हेल्थ सेक्टर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होने वाली है।
उन्होंने कहा कि आज हेल्थ टूरिज्म के कारण भुवनेश्वर एम्स में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यहां न केवल ओडिशा के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं, बल्कि पड़ोसी राज्यों और देश के अन्य हिस्सों से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं। यह रुझान इस बात का संकेत है कि ओडिशा तेजी से हेल्थ टूरिज्म हब के रूप में उभर रहा है।

प्रो. त्रिपाठी ने कहा कि “विकसित ओडिशा 2036” और “विकसित भारत 2047” के लक्ष्यों को हासिल करने में हेल्थ टूरिज्म एक मजबूत आधार साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में दुनिया भर के लोग भारतीय चिकित्सकों की विशेषज्ञता का लाभ उठाने के लिए ओडिशा आएंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि हेल्थ सेक्टर के विकास से कई अन्य क्षेत्रों को भी सीधा लाभ मिलेगा। विशेष रूप से होटल उद्योग, अतिथि सत्कार (हॉस्पिटैलिटी) और पर्यटन क्षेत्र को इससे नई गति मिलेगी। मरीजों और उनके परिजनों के आगमन से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

प्रो. त्रिपाठी ने जोर देते हुए कहा कि राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के साथ बाहरी राज्यों और देशों से लोगों का आना और बढ़ेगा। इससे ओडिशा को एक प्रमुख हेल्थ डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी इस बात पर सहमति जताई कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और रिसर्च को बढ़ावा देकर ओडिशा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जा सकती है।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में विशेषज्ञ, विद्यार्थी और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में हेल्थ सेक्टर को मजबूत बनाने और “विकसित ओडिशा” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।

Share this news

About admin

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …