-
विकसित ओडिशा 2036 में आईटी और साइबर सुरक्षा की अहम भूमिका पर जोर
भुवनेश्वर। भुवनेश्वर में आयोजित “विजनरी टॉक एट विकसित ओडिशा 2036” कार्यक्रम में डिजिटल और डाटा सुरक्षा के विषय पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस अवसर पर मनीष पांडेय, उप निदेशक (साइबर सुरक्षा), इन्फोसिस ने कहा कि जैसे-जैसे राज्य और देश विकास की ओर बढ़ते हैं, वैसे-वैसे साइबर खतरों में भी तेजी से वृद्धि होती है।
अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि विकसित हो रहे राज्य और राष्ट्र साइबर अपराधियों के प्रमुख निशाने पर रहते हैं। डिजिटल विस्तार, ऑनलाइन सेवाओं और डाटा के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर हमलों की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं, जिससे सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बन गई है।
मनीष पांडेय ने कहा कि “विकसित ओडिशा 2036” के लक्ष्य को हासिल करने में आईटी क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका होगी, लेकिन इसके साथ ही साइबर सुरक्षा को भी उतनी ही प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते मजबूत सुरक्षा तंत्र विकसित नहीं किया गया, तो डिजिटल प्रगति को नुकसान पहुंच सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि साइबर सुरक्षा क्षेत्र आने वाले समय में बड़े रोजगार के अवसर प्रदान करेगा। इस क्षेत्र में प्रशिक्षित पेशेवरों की मांग तेजी से बढ़ रही है, जिससे युवाओं के लिए यह एक उभरता हुआ करियर विकल्प बन रहा है।
साथ ही उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि आम नागरिकों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक होना चाहिए। सुरक्षित पासवर्ड, सतर्क ऑनलाइन व्यवहार और संदिग्ध गतिविधियों से बचाव जैसे उपाय अपनाकर साइबर अपराधों से काफी हद तक बचा जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित विशेषज्ञों और प्रतिभागियों ने भी इस बात पर सहमति जताई कि तकनीकी विकास के साथ-साथ सुरक्षा तंत्र को मजबूत बनाना अनिवार्य है, ताकि ओडिशा को सुरक्षित और विकसित डिजिटल राज्य बनाया जा सके।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
