-
विजनरी टॉक में युवाओं की भागीदारी, शिक्षा सुधार और सामाजिक सेवा को बताया विकास का आधार
भुवनेश्वर। भुवनेश्वर में आयोजित “विजनरी टॉक एट विकसित ओडिशा 2036” कार्यक्रम में विजय खंडेलवाल, पूर्व अध्यक्ष कटक मारवाड़ी समाज तथा उद्योगपति ने युवाओं की भूमिका और समग्र विकास के मुद्दे पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र या राज्य का विकास युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना संभव नहीं है।
अपने संबोधन में उन्होंने पिछली सरकारों की नीतियों और कमियों पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि आजादी के बाद ही देश को विकसित बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने चाहिए थे। उन्होंने कहा कि आज हम विकसित राष्ट्र और विकसित ओडिशा की बात कर रहे हैं, जबकि यह चर्चा स्वतंत्रता के तुरंत बाद शुरू हो जानी चाहिए थी।
उन्होंने चीन का उदाहरण देते हुए कहा कि स्वतंत्र होने के बाद चीन ने अपने पुराने पराधीन कानूनों को समाप्त कर तेजी से विकास की दिशा में कदम बढ़ाए, जिससे उसकी जीडीपी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। इसके विपरीत, भारत में लंबे समय तक पुरानी व्यवस्थाएं बनी रहीं, जिससे विकास की गति प्रभावित हुई।
विजय खंडेलवाल ने शिक्षा प्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि देश में शिक्षा लंबे समय तक पारंपरिक ढांचे में ही सीमित रही। अब जाकर कौशल आधारित शिक्षा की बात हो रही है, लेकिन यदि यह पहल पहले की गई होती तो आज भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित हो चुका होता।
उन्होंने वर्तमान परिप्रेक्ष्य में युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे विभिन्न क्षेत्रों—उद्योग, सेवा, तकनीक, कृषि और उद्यमिता—में सक्रिय भागीदारी निभाएं और राज्य के विकास में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि “विकसित ओडिशा 2036” का लक्ष्य तभी संभव है, जब युवा नई सोच, नवाचार और ऊर्जा के साथ आगे आएंगे।
अपने संबोधन में उन्होंने “सेवा” के महत्व को भी विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि विकास की परिकल्पना तब तक अधूरी है, जब तक उसमें सामाजिक सेवा का समावेश न हो। सेवा का अर्थ केवल आर्थिक प्रगति नहीं, बल्कि जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना, समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाना और सभी को समान अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों, छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि युवाओं की भागीदारी, शिक्षा सुधार और सेवा भाव के माध्यम से ही ओडिशा को एक विकसित राज्य बनाया जा सकता है। सभी ने मिलकर इस दिशा में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
“ओडिशा गौरव सम्मान 2025” से नवाजा गया
इस अवसर पर विजय खंडेलवाल, कटक मारवाड़ी समाज के पूर्व अध्यक्ष, को उनके सामाजिक योगदान और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इण्डो एशियन टाइम्स द्वारा आयोजित श्रीजन सम्मान समारोह में उन्हें “ओडिशा गौरव सम्मान 2025” से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उत्कर्ष कार्य, नेतृत्व क्षमता और समुदाय के प्रति निरंतर समर्पण के लिए प्रदान किया गया।
यह कार्यक्रम विकसित ओडिशा 2036 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करने का एक महत्वपूर्ण मंच बना।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
