भुवनेश्वर। भीषण गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए ओडिशा के अनुगूल, केन्द्रापड़ा, कोरापुट और संबलपुर जिलों में प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है।
केंद्रापड़ा और कोरापुट के जिला शिक्षा अधिकारियों ने सभी स्कूलों को 23 अप्रैल से 25 अप्रैल तक बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। वहीं, संबलपुर जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्कूल बंद रखने की अवधि 23 अप्रैल से 27 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है। इसी तरह अनुगुल जिला प्रशासन ने भी 23 से 25 अप्रैल तक स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं।
भुवनेश्वर स्थित भारतीय मौसम विज्ञान केन्द्र के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मंगलवार को राज्य के कम से कम 18 स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। झारसुगुड़ा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्रों को अत्यधिक गर्मी से बचाने के लिए यह निर्णय एहतियात के तौर पर लिया गया है। अधिकारियों द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और मौसम की स्थिति के अनुसार आगे के फैसले लिए जाएंगे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
