नई दिल्ली.राष्ट्रधर्म पत्रिका के पूर्व सम्पादक, विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व केन्द्रीय मन्त्री एवं प्रचार-प्रसार प्रमुख रहे वरिष्ठ प्रचारक वीरेश्वर द्विवेदी जी का आज लखनऊ के राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में सायं 5:00 बजे 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे गत एक माह से अस्पताल में भर्ती थे।
आपकी शिक्षा उरई डीएवी कालेज से परास्नतक हुई। आप डीएवी कालेज उरई के छात्रसंघ अध्यक्ष भी रहे।
आप अशोक सिंहल जी की प्रेरणा से सन 1972 में दैनिक जागरण से पत्रकारिता की नौकरी छोड़कर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक बने। आपने प्रयाग महानगर के प्रचारक, विद्यार्थी परिषद के संगठन मन्त्री, राष्ट्रधर्म पत्रिका के सम्पादक, ‘हिन्दू विश्व’ पत्रिका के सम्पादक, पथ-संकेत के सम्पादक, विश्व हिन्दू परिषद के अखिल भारतीय प्रचार-प्रसार प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख एवं क्षेत्र प्रचारक प्रमुख आदि के दायित्व का निर्वहन किया। उन्होंने समाज जीवन व संगठन से जुड़ी अनेक पुस्तकें भी लिखी।
वर्तमान में आप कुटुम्ब प्रबोधन गतिविधि उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के संयुक्त क्षेत्र प्रमुख का दायित्व निर्वहन कर रहे थे। वीरेश्वर द्विवेदी जी के पार्थिव शरीर को अन्तिम दर्शनार्थ आज सायं 7:00 बजे “भारती भवन” राजेन्द्र नगर लखनऊ संघ कार्यालय में रखा गया।
मंगलवार 5/9/23 को प्रात: 4 बजे उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गाँव- भाल (राजपुर) कानपुर ग्रामीण ले जाएगा, जहाँ उनका अन्तिम संस्कार किया जायेगा।
विश्व हिन्दू परिषद ने उनके निधन को बौद्धिक व सामाजिक जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा है कि ऐसे महान व्यक्तित्व को हम नमन करते हैं। साथ ही हम प्रभु से कामना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
