गुरदासपुर/चंडीगढ़ , पंजाब पुलिस ने गुरुवार को सीमावर्ती जिला गुरदासपुर के ग्राम सलेमपुर अरैयां से चार हथगोले और एक टिफिन बम बरामद किया है । उल्लेखनीय है कि इस सप्ताह पंजाब पुलिस गुरदासपुर में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई प्रायोजित दो आतंकी मॉड्यूल का खुलासा कर चुकी है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक इकबाल प्रीत सिंह सहोता ने दी।
उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जिला गुरदासपुर से हाल ही में आरडीएक्स, हथगोले और पिस्तौल मिलने के बाद पूरे जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। एसएचओ सदर गुरदासपुर को ग्राम सलेमपुर अरैयां के पास टी प्वाइंट पर चेकिंग के दौरान झाड़ियों में एक संदिग्ध बोरी मिली। बोरी से चार हथगोले और एक टिफिन बम बरामद हुआ है। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल टीम को विस्फोटक सामग्री को नष्ट करने के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस महानिदेशक सहोता के मुताबिक सीमावर्ती जिला पुलिस हाई अलर्ट पर है। रोजाना रात में ड्यूटी वर्चस्व अभियान चलाया जा रहा है। इसकी निगरानी के लिए एडीजीपी रैंक के अधिकारी कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि गुरदासपुर पुलिस ने बुधवार को अमृतसर के लोपोके निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सोनू के खुलासे पर 0.9 किलोग्राम आरडीएक्स बरामद किया था। इससे पहले मंगलवार को जिला पुलिस ने दो हथगोले बरामद किए थे।
साभार-हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
