Home / International / पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलोचिस्तान में पुलिस चौकी पर हमला, दो एसएचओ समेत नौ जवान और 15 आतंकी मारे गए
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलोचिस्तान में पुलिस चौकी पर हमला, दो एसएचओ समेत नौ जवान और 15 आतंकी मारे गए

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान के जियारत जिले में सोमवार देररात एक पुलिस चौकी पर हुए हमले में दो थाना प्रभारी (एसएचओ) समेत नौ पुलिसकर्मियों की जान चली गई। इस घटना के बाद शुरू किए गए संयुक्त सुरक्षा अभियान में 15 आतंकी मारे गए। हमलावार पांच पुलिस कर्मचारियों को अगवा कर अपने साथ ले गए हैं।
जियारत के पुलिस अधीक्षक अब्दुल कुदूस के अनुसार हमलावरों ने कच मांगी फेज तीन इलाके में एक पुलिस चौकी को निशाना बनाया। जियो न्यूज चैनल और दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार शहीद होने वाले पुलिस अधिकारियों में मांगी के थाना प्रभारी मोहम्मद हुसैन और कोवास के थाना प्रभारी सोहबत खान शामिल हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि सुरक्षाकर्मियों और हमलावरों के बीच रातभर जबरदस्त गोलीबारी होती रही। जवानों के शवों को जियारत के जिला मुख्यालय स्पताल ले जाया गया। हमले के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई।
बलोचिस्तान के मुख्यमंत्री के सूचना सलाहकार शाहिद रिंद ने कहा कि जियारत जिले के मांगी इलाके में आतंकवादियों के खिलाफ अभियान पूरा कर लिया गया है। इस अभियान में 15 आतंकी मारे गए। इस अभियान में फ्रंटियर कॉर्प्स, बलोचिस्तान पुलिस, काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट, स्पेशल ऑपरेशन्स विंग और एंटी-टेररिज्म फ़ोर्स ने हिस्सा लिया।
पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने हमले की निंदा करते हुए शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि ऐसे कायरतापूर्ण हमले शांति को बाधित नहीं कर सकते और न ही आतंकवाद के खिलाफ देश के संकल्प को कमजोर कर सकते हैं। उधर, इस हमले के बाद जियारत में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन भी हुए। इसमें स्थानीय कबीलों, ट्रांसपोर्टरों और शहीद पुलिसकर्मियों के रिश्तेदारों ने हिस्सा लिया। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने बलोचिस्तान को पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा से जोड़ने वाले प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों को जाम कर दिया। इससे सैकड़ों यात्री बसें और माल ढोने वाले वाहन फंसे रह गए।
साभार – हिस

Share this news

About desk

Check Also

वियतनाम में भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव पलटी, 15 की मौत

हनोई। वियतनाम में भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव के फु-क्वोक द्वीप के …