Home / International / काठमांडू में विभिन्न स्थानों पर कई मीडिया संस्थानों के वाहनों की पार्किंग से हड़कंप
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

काठमांडू में विभिन्न स्थानों पर कई मीडिया संस्थानों के वाहनों की पार्किंग से हड़कंप

काठमांडू। नेपाल की राजधानी काठमांडू में सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में विभिन्न स्थानों पर वाहन खड़े किए जाने की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और इसके पीछे की मंशा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रमुख मीडिया संस्थानों और प्रमुख विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष गगन कुमार थापा के आवास के बाहर भी एक कार खड़ी कर प्रवेश मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया।

सुबह सबसे पहले तीनकुने स्थित देश के सबसे बड़े मीडिया संस्थान कान्तिपुर मीडिया ग्रुप के मुख्य द्वार के सामने बा प्र 01-034 च 8480 नंबर की कार इस तरह खड़ी मिली कि किसी भी वाहन का अंदर-बाहर आना-जाना संभव नहीं था। इसके कुछ ही देर बाद बुद्धनगर स्थित ऑनलाइनखबर कार्यालय के बाहर बा 12 च 8545 नंबर की कार और मिड-बानेश्वर स्थित हिमालयन टेलीविजन के कार्यालय के प्रवेश मार्ग पर बा 10 च 1255 नंबर की कार भी इसी तरह संदिग्ध ढंग से खड़ी मिली।

इतना ही नहीं, अनामनगर स्थित भाटभटेनी सुपरमार्केट के सामने भी एक वाहन अवैध रूप से खड़ा मिला, जिससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ। इससे एक दिन पहले रविवार को न्यूरोड क्षेत्र में भी सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात बाधित किए जाने की घटना सामने आई थी। इसी क्रम में सोमवार सुबह करीब 7 बजे रातोपुल स्थित नेपाली कांग्रेस अध्यक्ष गगन कुमार थापा के आवास के मुख्य द्वार के सामने भी एक कार खड़ी कर दी गई, जिससे घर का प्रवेश और निकास पूरी तरह बाधित हो गया। यहां तक कि मोटरसाइकिलों का आना-जाना भी संभव नहीं रहा।

एक स्थानीय प्रत्यक्षदर्शी ने दावा किया कि वाहन चालक कार छोड़कर नेपाल पुलिस द्वारा उपयोग की जाने वाली एक वैन में बैठकर वहां से चला गया। हालांकि, इस दावे की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने भी इस संबंध में कोई टिप्पणी नहीं की है। इन घटनाओं के बाद पत्रकारों और स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई कि क्या मीडिया संस्थानों और विपक्षी नेता के आवास को जानबूझकर निशाना बनाया गया है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने क्रेन की मदद से मीडिया संस्थानों के बाहर खड़े वाहनों को हटाया है और कहा है कि सभी घटनाओं की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि वाहनों को किस उद्देश्य से इस तरह खड़ा किया गया और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने इन समन्वित घटनाओं के पीछे की वजह को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
साभार – हिस

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

नेपाल में भारतीय राजदूत ने प्रतिनिधि सभा के स्पीकर ने मुलाकात की

काठमांडू।नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने संघीय संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा …