
भुवनेश्वर । बीजू जनता दल एक राजनीतिक पार्टी नहीं है और न ही इसके विकास के लिए उनके समेत किसी और नेता की आवश्यकता है। बीजद साढे़ चार करोड़ लोगों की सेवा के लिए एक आंदोलन है। बीजद के 23वें स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीजद के मुखिया तथा मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि बीजू जनता दल ओडिशा के लोगों के सशक्तिकरण के लिए एक आंदोलन है। बीजद साढे़ चार करोड़ ओडिशा के लोगों के लिए विकास को लेकर चल रहे एक आंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि हम चुनाव जीतने के लिए कार्य नहीं कर रहे हैं। सेवा द्वारा लोगों का हृदय जीतना हमारा लक्ष्य है। इसके लिए 365 दिन काम कर रहे हैं। उन्होंने पार्टी के कार्य़कर्ताओं से कहा कि बीजद के कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दे रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं के त्याग, निष्ठा व परिश्रम आक्सीजन की तरह पार्टी को मजबूती दे रही है। उन्होंने इस अवसर पर पार्टी के कार्यकर्ताओं को विनम्र होने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि राज्य के साढे़ चार करोड़ लोग हमारा परिवार है। इन सभी परिवारों को सेवा के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं को अवसर प्राप्त हुआ है। इस भावना को लेकर हम काम कर रहे हैं। राज्य की जनता ने जो जिम्मेदारी हमें सौंपी है, उसे नम्रता के साथ हम निभा रहे हैं।उन्होंने बीजू पटनाय़क को उद्धृत करते हुए कहा कि उनके प्रति निष्ठा नहीं बल्कि ओडिशा के कार्य के प्रति निष्ठा रखें। उनके विचारों को लेकर बीजद चल रहा है। इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद प्रसन्न आचार्य, विज्ञान व तकनीकी मंत्री अशोक पंडा, भुवनेश्वर के विधाय़क अनंत नारायण जेना, सुशांत राउत ने भी अभिभाषण दिया। बीजद के महासचिव संजय दासवर्मा ने स्वागत भाषण दिया। इससे पहले पार्टी कार्य़ालय में बीजद मुखिया नवीन पटनायक का ढोल नगाडे़ के साथ स्वागत किया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
