Home / Odisha / लघु कविताएँ : अलविदा 2020

लघु कविताएँ : अलविदा 2020

1
ले रहा अंतिम साँसें
नये साल में
कैलेण्डर पुराना

आना और जाना
यही तो है
जीवन का अफसाना…!!

2
कोसा नहीं करते हैं
किसी को
जाने के बाद

आओ गिनते हैं
खूबियां कम न होगी
जाने वाले में…!!

3
फलता है जब
पेड़ सघन
अति महत्वाकांक्षा का

फल मीठे न होंगे
कह गया बीतता वर्ष
विदा लेते हुए…!!

4
हाथों में लिए खड़ा आईना
दिसम्बर इकतीस

झिलमिलायी माथे पर
बिन्दिया अनुभव की

यूँ , बढ़ जाती हर साल
आभा मुख की
पहले से ज्यादा…!!

5
मिला नहीं है तलपट
साल भर का

सोच रही हूँ
क्या भूली , क्या याद रहा

उफ्फ़ !
मेरे बस का है कहाँ
ये जीवन-गणित…!!

✍️ पुष्पा सिंघी , कटक

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …