-
अब 18 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के छात्रों के लिए संचालित ‘विदेश शिक्षावृत्ति’ योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है।
विभाग की ओर से मंगलवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि अब 1 सितंबर 2026 से बढ़ाकर 18 सितंबर 2026 कर दी गई है। पात्र और इच्छुक छात्र ओडिशा स्टेट स्कॉलरशिप पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
‘विदेश शिक्षावृत्ति’ योजना का उद्देश्य एससी और एसटी वर्ग के मेधावी छात्रों को विदेश के क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में शीर्ष 200 स्थानों पर शामिल संस्थानों और विश्वविद्यालयों में स्नातकोत्तर (पीजी) और पीएचडी पाठ्यक्रमों की पढ़ाई के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करना है। संस्थान के चयन के लिए आवेदन जमा करने के समय उपलब्ध नवीनतम क्यूएस रैंकिंग को आधार माना जाएगा।
योजना के तहत एससी और एसटी वर्ग के वे छात्र पात्र होंगे, जिनके परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये तक है। योजना के माध्यम से कुल 50 एससी/एसटीछात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
विस्तारित आवेदन अवधि शैक्षणिक सत्र 2025-26 (दिसंबर 2025/जनवरी 2026) और 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति प्राप्त करने के इच्छुक छात्रों पर लागू होगी।
उच्च शिक्षा विभाग ने पात्र एवं इच्छुक छात्रों से संशोधित अंतिम तिथि के भीतर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। योजना से संबंधित पात्रता मानदंड, दिशा-निर्देश और अन्य विस्तृत जानकारी उच्च शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
