-
जमीन धोखाधड़ी मामले में कार्रवाई
-
राज्यसभा सांसद सुजीत कुमार को जमीन दिलाने के नाम पर कथित ठगी का आरोप
-
अदालत के वारंट पर नयापल्ली पुलिस ने पकड़ा
भुवनेश्वर। ओडिशा के पूर्व मंत्री नृसिंह साहू के बेटे अजीत साहू को जमीन धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में नयापल्ली पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अदालत की ओर से जारी वारंट के आधार पर भुवनेश्वर के नुआसाही अपार्टमेंट से उन्हें हिरासत में लिया।
अजीत साहू पर राज्यसभा सांसद सुजीत कुमार को जमीन उपलब्ध कराने का भरोसा देकर कथित तौर पर ठगी करने का आरोप है। इस मामले में सांसद की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी।
मामला वर्ष 2024 का है। अजीत साहू के खिलाफ दिल्ली के तुगलक रोड थाने में शिकायत दर्ज की गई थी। इसके बाद पटियाला हाउस कोर्ट ने उन्हें अदालत में पेश होने के लिए कई बार समन जारी किया, लेकिन वह अदालत के समक्ष उपस्थित नहीं हुए।
अदालत ने घोषित किया था फरार
लगातार समन के बावजूद अदालत में पेश नहीं होने के बाद पटियाला हाउस कोर्ट ने अजीत साहू को फरार घोषित कर दिया था। इसके बाद अदालत की ओर से उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया।
अदालत के वारंट के आधार पर नयापल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भुवनेश्वर स्थित नुआसाही अपार्टमेंट से अजीत साहू को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
