-
नुआपड़ा में 3 दिन, बौध में 5 दिन बंद
-
नवरंगपुर में अगली सूचना तक छुट्टी
-
पहले ही बलांगीर और सोनपुर में दिए गए थे निर्देश
भुवनेश्वर। ओडिशा में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। पश्चिमी और आंतरिक जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के बाद छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई जिलों में स्कूल और कॉलेज अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं।
नुआपड़ा जिला प्रशासन ने हीटवेव के प्रकोप को देखते हुए सभी स्कूलों को तीन दिनों के लिए बंद करने का आदेश जारी किया है। जिलाधिकारी मधुसूदन दास ने निर्देश दिया है कि 20 अप्रैल से 22 अप्रैल तक सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूल, ओडिशा आदर्श विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय और एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल, बंद रहेंगे।
हालांकि कक्षा 5 और 8 की पूरक परीक्षाएं सुबह 7 बजे से 9 बजे के बीच आयोजित होंगी। इस दौरान छात्रों के लिए फल, जूस और ओआरएस उपलब्ध कराने के साथ सभी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी स्कूलों में उपस्थित रहकर जनगणना, नामांकन, यूनिफॉर्म वितरण और अभिलेख अद्यतन का कार्य करेंगे।
इसी तरह, नवरंगपुर जिले में भी 20 अप्रैल से सभी आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूल, कॉलेज और तकनीकी संस्थान अगली सूचना तक बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पहले से निर्धारित परीक्षाएं जारी रहेंगी, लेकिन समय सुबह के घंटों में रखा जा सकता है। संस्थानों को पेयजल और लू से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
बौध जिले में प्रशासन ने पांच दिनों के लिए सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया है। यहां भी हीटवेव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। हालांकि परीक्षाएं जारी रहेंगी और सुबह के समय आयोजित की जाएंगी। संस्थानों को छायादार स्थान और हाइड्रेशन की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करने को कहा गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले बलांगीर और सोनपुर जिलों में भी जिलाधिकारियों द्वारा स्कूल बंद करने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं, जिससे स्पष्ट है कि पश्चिमी ओडिशा के कई हिस्से इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
