-
50 लाख रुपये की मांग के साथ आया मैसेज
-
पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा और शुरू की जांच
पुरी। ओडिशा के पुरी जिले में स्थित प्रसिद्ध साखीगोपाल बारला बालुनकेश्वर मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। यह धमकी एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंदिर के एक सेवायत को भेजे गए एसएमएस के जरिए दी गई।
मैसेज में चेतावनी दी गई थी कि यदि 50 लाख रुपये फोनपे के माध्यम से नहीं भेजे गए, तो मंदिर को बम से उड़ा दिया जाएगा। संदेश मिलते ही सेवायत ने तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह धमकी एक अज्ञात मोबाइल नंबर से भेजी गई है। पुलिस टीम ने मैसेज भेजने वाले की पहचान के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी है और मोबाइल नंबर को ट्रेस किया जा रहा है।
घटना के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं और प्रवेश द्वारों पर सघन जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सुरक्षा कर्मियों को अलर्ट पर रखा गया है।
इस घटना से श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है, हालांकि प्रशासन ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा के सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
