-
उपमुख्यमंत्री का बड़ा आश्वासन
-
ऊर्जा विभाग की तैयारियों की समीक्षा की
-
पीक डिमांड से निपटने के लिए व्यापक इंतजाम
-
घरेलू उपभोक्ताओं का कनेक्शन नहीं काटने के निर्देश
भुवनेश्वर। ओडिशा में बढ़ती भीषण गर्मी के बीच राज्य सरकार ने लोगों को राहत देते हुए भरोसा दिलाया है कि इस बार गर्मियों में बिजली कटौती नहीं होगी। उपमुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री कनक वर्धन सिंहदेव ने शुक्रवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर हाल में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में ऊर्जा विभाग की तैयारियों का आकलन करते हुए बताया गया कि अप्रैल में अब तक राज्य ने 6087 मेगावाट की अधिकतम बिजली मांग को सफलतापूर्वक संभाला है। मई में यह मांग 6200 मेगावाट और जून में 6100 मेगावाट तक पहुंचने का अनुमान है। गौरतलब है कि इस वर्ष अप्रैल में बिजली की मांग पिछले साल की तुलना में 2 प्रतिशत बढ़ चुकी है।
बिजली आपूर्ति को मजबूत करने के लिए ओडिशा हाइड्रो पावर कॉर्पोरेशन के साथ समन्वय कर पीक आवर्स में अधिक जलविद्युत उत्पादन की योजना बनाई गई है। इसके अलावा थर्मल पावर प्लांट्स के साथ तालमेल बढ़ाया गया है और पावर बैंकिंग की व्यवस्था भी की गई है। राउरकेला स्टील प्लांट से 50 से 100 मेगावाट अतिरिक्त बिजली खरीदने की योजना है, जबकि जरूरत पड़ने पर पावर एक्सचेंज से भी बिजली ली जाएगी।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कॉल सेंटर की क्षमता 100 से बढ़ाकर 150 लॉगिन प्रतिदिन कर दी गई है। अब मिस्ड कॉल और सिंगल क्लिक जैसी सुविधाओं के जरिए उपभोक्ता तुरंत बिजली कटौती की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। शिकायत दर्ज कराने के लिए आईवीआरएस, वेबसाइट, मोबाइल ऐप और सेल्फ सर्विस पोर्टल की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही, निर्धारित बिजली कटौती की जानकारी पहले से ही सोशल मीडिया, एसएमएस, व्हाट्सऐप और स्थानीय माध्यमों से दी जा रही है।
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए और हीटवेव के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस भीषण गर्मी में किसी भी घरेलू उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन बकाया बिल के कारण नहीं काटा जाएगा।
बैठक में ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विशाल कुमार देव, भास्कर ज्योति शर्मा, सत्य प्रिय रथ सहित विभिन्न विद्युत कंपनियों के अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्य सरकार के इन व्यापक कदमों से इस गर्मी में लोगों को बिना किसी परेशानी के सुचारु बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
