-
नवीन पटनायक का तीखा हमला
-
कहा– बीजू बाबू पर टिप्पणी शर्मनाक, मानसिक इलाज की जरूरत
भुवनेश्वर। बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष और ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने सोमवार को भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा बीजू पटनायक को लेकर की गई टिप्पणियों की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने इन बयानों को शर्मनाक और आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि दुबे को मानसिक चिकित्सक की जरूरत है।
विधानसभा के बजट सत्र के स्थगित होने के बाद मीडिया से बात करते हुए नवीन पटनायक ने 1962 के भारत-चीन युद्ध से जुड़ी अपनी बचपन की स्मृति साझा की। उन्होंने कहा कि मैं यह सुनकर हैरान था कि दुबे जी ने बीजू बाबू के बारे में कैसी बातें कही। शायद उन्हें यह मालूम भी नहीं कि तब प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने दिल्ली में अपने दफ्तर के बगल में बीजू बाबू का दफ़्तर बनवाया था, ताकि चीन के खिलाफ रणनीति बनाई जा सके। मैं तब 13 वर्ष का था और मुझे याद है कि चीनी हमले पर बीजू बाबू कितने क्रोधित थे और उन्होंने युद्ध में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
नवीन ने आगे कहा कि दुबे के दावे पूरी तरह से “बेतुके और इतिहास के विपरीत” हैं और ऐसे बयान देने वालों को मानसिक जांच की जरूरत है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
