-
पिता के अपमान का लगाया आरोप
भुवनेश्वर। निलंबित बीजद विधायक सौविक बिस्वाल ने रविवार को बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक पर तीखा हमला करते हुए अपने पिता एवं वरिष्ठ नेता प्रभात बिस्वाल के कथित अपमान को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त की।
एक कड़े बयान में सौविक ने कहा कि वह किसी भी स्थिति में अपने पिता का अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि यदि मुझे गोलियों का सामना भी करना पड़े, तो मैं तैयार हूं।
अपने राजनीतिक सफर को लेकर उन्होंने स्वीकार किया कि ओडिशा विधानसभा तक पहुंचने में उनके पिता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अपने खिलाफ हुई अनुशासनात्मक कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि निलंबन के बजाय उन्हें सीधे पार्टी से निष्कासित किया जाना अधिक उचित होता।
सौविक ने आगे आरोप लगाया कि उनके पिता के निष्कासन के पांच दिन बाद उन्हें नवीन निवास से बुलावा आया था। उन्होंने उम्मीद की थी कि वहां उनके पिता के मुद्दे पर चर्चा होगी, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्होंने अन्य विधायकों को भी मौजूद पाया।
उनके अनुसार, बैठक के दौरान उन्हें संतृप्त मिश्र के पक्ष में मतदान करने के लिए कहा गया। सौविक ने दावा किया कि उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया और कहा कि वह अपने पिता से बिना चर्चा किए ऐसा कोई निर्णय नहीं ले सकते। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके पिता को बिना किसी ठोस कारण के पार्टी से निष्कासित किया गया।
सौविक ने कहा कि उन्होंने स्पष्ट रूप से पार्टी के पक्ष में मतदान करने में असमर्थता जताई। उन्होंने यह भी कहा कि जिस दिन उनके पिता को पार्टी से निकाला गया, उसी दिन उन्हें भी निलंबित कर देना चाहिए था और उनका वर्तमान निलंबन कोई बड़ी बात नहीं है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
