-
सैल्यूट तिरंगा के कार्यक्रम में शहीदों को नमन
-
वक्ताओं ने युवाओं से की देश सेवा के लिए आगे आने की अपील
कटक। देशभक्ति के जोश और शहीदों के सम्मान के बीच कटक में आयोजित “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम में एक स्वर से यह संदेश दिया गया कि हर घर से युवाओं को सेना से जुड़कर देश की सुरक्षा में योगदान देना चाहिए।
राष्ट्रवादी संगठन सैल्यूट तिरंगा द्वारा शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की पुण्य स्मृति में आयोजित यह भव्य कार्यक्रम कटक के शहीद भवन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए युवाओं से सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज देश को ऐसे युवाओं की जरूरत है जो राष्ट्र की रक्षा को अपना सर्वोच्च कर्तव्य मानें।
तिरंगे की बढ़ती ताकत पर चर्चा
वक्ताओं ने कहा कि आज भारतीय तिरंगे की ताकत दुनियाभर में बढ़ रही है। रूस-यूक्रेन और इजरायल-अमेरिका-ईरान जैसे वैश्विक संघर्षों के बीच भी भारत की पहचान और प्रभाव मजबूत हुआ है, जो देश की बढ़ती शक्ति को दर्शाता है।
देशभक्ति के रंग में रंगा कटक
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राष्ट्रभक्त नागरिकों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। पूरा माहौल देशभक्ति के गीतों और नारों से गूंज उठा, जिससे कटक पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। मंच पर उपस्थित अतिथियों में पूर्व विधायक मोहम्मद मुकीम, भुवनेश्वर के पूर्व सांसद प्रसन्न कुमार पाटसाणी, सैल्यूट तिरंगा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश झा, प्रदेश संरक्षक विजय खंडेलवाल, उपेन्द्र सिंह, कटक मारवाड़ी समाज के अध्यक्ष संजय कुमार शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष शैलेश कुमार वर्मा, कार्यक्रम संयोजक मनोज शर्मा, सचिव कमल सिकारिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति मंचासीन थे। प्रदेश संरक्षक नरेश गनेरीवाल ने कुशलता पूर्वक मंच संचालन किया।
इस अवसर पर बहादुरी एवं निरंतर राष्ट्र की रक्षा में समर्पित बहादुर सैनिकों चित्तरंजन नायक, सुरेंद्र कुमार साहू, उदयनाथ सेठी, श्रीकांत चंद्र दास एवं आरपीएफ आईआईसी राज सिंह मल्लिक, एएसआई स्मृति रंजन साहू, एवं सीमा पर ड्यूटी के दौरान देश के लिए शहीद अमर कुमार जया सिंह का पारिवारिक सदस्य आदि को “राष्ट्र प्रहरी सम्मान” प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जब सैनिकों का सम्मान किया जा रहा था, उस समय प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने पूरे सभागार को भाव-विभोर कर दिया। उपस्थित जनसमूह की आंखें नम हो उठीं और वातावरण देशप्रेम की भावना से सराबोर हो गया। राष्ट्र सेवा एवं समाज सेवा हेतु निरंतर सहयोगी एवं प्रयासरत समाज बंधुओं को “राष्ट्र सेवा सम्मान” प्रदान किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मुकुंद कुमार सिन्हा, सुनील कुमार शर्मा, प्रकाश अग्रवाल छोटू, बजरंग चिमनका, अभिषेक सिंह, अमन चतुर्वेदी, पारसनाथ शाह, पवन धानुका, सहित शहर के कई समाजसेवियों का सराहनीय योगदान रहा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
