-
पुलिस में शिकायत दर्ज, पुलिस की निष्क्रियता पर उठाया सवाल
भुवनेश्वर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष जयदेव जेना ने आरोप लगाया है कि उन्हें 9 मार्च 2026 को व्हाट्सएप के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिली। इसके बावजूद पुलिस किसी तरह से ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।
बताया जा रहा है कि यह धमकी एक अज्ञात मोबाइल नंबर से भेजी गई, जिसमें उन्हें चेतावनी दी गई कि यदि वे भुवनेश्वर आते हैं, तो उनकी हत्या कर दी जाएगी।
पूर्व मंत्री जेना ने इस मामले में उसी दिन केंदुझर जिले के नंदीपड़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस संबंध में राज्य के उच्च अधिकारियों, मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक और केंदुझर के पुलिस अधीक्षक को भी अवगत कराया, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
यह पहली बार नहीं है जब उन्हें इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले वर्ष 2025 में भी उन्हें इसी तरह की धमकी दी गई थी, जिससे लगातार दबाव और डराने-धमकाने के प्रयासों की आशंका जताई जा रही है।
शनिवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेना ने पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर मेरे जैसे एक प्रमुख नेता की शिकायत पर भी पुलिस कार्रवाई नहीं करती, तो आम जनता न्याय और सुरक्षा की उम्मीद कैसे कर सकती है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
