Home / Odisha / मुख्यमंत्री ने ‘भारतीय न्याय संहिता’ प्रदर्शनी का किया अवलोकन
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

मुख्यमंत्री ने ‘भारतीय न्याय संहिता’ प्रदर्शनी का किया अवलोकन

  •    प्रदर्शनी की अवधि दो दिन बढ़ाई

  •     2025 के अंत तक ओडिशा में दोषसिद्धि दर में 87.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज

  •     2025 में जीरो एफआईआर की संख्या में 166 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई

भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को भुवनेश्वर के यूनिट-3 स्थित इडको प्रदर्शनी मैदान में आयोजित भारतीय न्याय संहिता प्रदर्शनी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी की अवधि को दो दिन बढ़ाकर 12 मार्च तक जारी रखने की घोषणा की।

उल्लेखनीय है कि यह प्रदर्शनी आज समाप्त होने वाली थी, लेकिन मुख्यमंत्री के निर्देश पर इसे अब 12 मार्च तक आम लोगों के लिए खुला रखा जाएगा। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन 6 मार्च को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के दौरे के दौरान किया गया था।

ओडिशा पुलिस द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रस्तुत पथ-नाट्य (स्ट्रीट प्ले) की मुख्यमंत्री ने सराहना की। साथ ही उन्होंने गृह विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों को भी उच्च गुणवत्ता का बताया।

मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के नागरिकों को सुरक्षा और न्याय प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जो संकल्प है, उसका सशक्त उदाहरण भारतीय न्याय संहिता है। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से आम लोगों को नए कानून की कार्यप्रणाली और उसके प्रभाव के बारे में जागरूक करने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए कानून के लागू होने के बाद भारत की अपराध नियंत्रण व्यवस्था में औपनिवेशिक युग का अंत हुआ है और स्वतंत्र भारत की सोच के अनुरूप न्याय प्रणाली में महत्वपूर्ण बदलाव आया है।

उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता लागू होने के बाद से 2025 के अंत तक ओडिशा में दोषसिद्धि दर में 87.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। इसके साथ ही 2025 में जीरो एफआईआर की संख्या में 166 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार कई कदम उठा रही है। नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी और सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की स्थापना के लिए शिलान्यास किया जा चुका है। आधुनिक तकनीक में पुलिस को दक्ष बनाने के लिए आईआईटी भुवनेश्वर के साथ समझौता किया गया है, जबकि पुलिसकर्मियों को आधुनिक कौशल में प्रशिक्षण देने के लिए राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के साथ भी समझौता हुआ है।

इस अवसर पर ओडिशा पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। साथ ही विभिन्न स्कूलों और विधि महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी प्रदर्शनी में भाग लिया।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …