भुवनेश्वर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा, तमिलनाडु और झारखंड के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए पोतनूर (कोयंबटूर) से धनबाद तक नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी देने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है।
सोशल मीडिया पर अपने संदेश में प्रधान ने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी के प्रयास भी सराहनीय हैं।
उन्होंने बताया कि यह नई ट्रेन ओडिशा के कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इनमें संबलपुर, झारसुगुडा, रायगड़ा, मुनिगुड़ा, केसिंगा, टिटिलागढ़, बलांगीर, बरगढ़ और राउरकेला सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशन शामिल हैं।
प्रधान ने कहा कि इस पहल से ओडिशा, तमिलनाडु और झारखंड के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण परिवर्तन आएगा। उन्होंने कहा कि नई ट्रेन सेवा यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाएगी और ओडिशा के विकास को नई गति प्रदान करेगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
