नई दिल्ली। जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज केलिस न्धलोवु को कॉनकशन (सिर में चोट) के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे मैच से बाहर कर दिया गया है। यह मुकाबला बुधवार को खेला जाना है। दूसरे वनडे के दौरान डुनेडिन में उन्हें गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद वह फिलहाल चिकित्सकीय निगरानी में हैं।
जिम्बाब्वे क्रिकेट ने एक बयान में बताया कि न्धलोवु कुछ समय के लिए बेहोश हो गई थीं और बाद में उन्हें कॉनकशन की पुष्टि हुई, हालांकि किसी प्रकार की गंभीर जटिलता सामने नहीं आई। बयान में कहा गया, “एमआरआई स्कैन से यह पुष्टि हुई कि खोपड़ी में किसी तरह का फ्रैक्चर नहीं है। उनका उपचार किया गया और बाद में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मंगलवार सुबह फॉलो-अप जांच में भी किसी अतिरिक्त जटिलता की पुष्टि नहीं हुई।”
दूसरे वनडे के दौरान जिम्बाब्वे की पारी के सातवें ओवर में न्यूजीलैंड की गेंदबाज ब्री इलिंग की एक बाउंसर गेंद न्धलोवु के सिर पर लगी। उस समय वह मोडेस्टर मुपाचिक्वा के साथ 25 रन की ओपनिंग साझेदारी कर चुकी थीं। हेलमेट पहनने के बावजूद शॉर्ट गेंद से बचने की कोशिश में वह चोटिल हो गईं और तुरंत मैदान पर गिर पड़ीं। इसके बाद मेडिकल टीम ने मैदान पर उनका उपचार किया और एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। उनकी जगह कॉनकशन सब्स्टीट्यूट के रूप में तेंदाई मकुशा को मैदान में उतारा गया।
इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को आठ विकेट से हराया। न्यूजीलैंड की ओर से एमेलिया केर ने सात विकेट लेकर टीम को वनडे श्रृंखला में 2-0 की बढ़त दिला दी।
साभार – हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
