-
भूमि अधिग्रहण, मुआवजा और वन स्वीकृति पर विशेष फोकस
-
समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश
भुवनेश्वर। लोक सेवा भवन के सम्मेलन कक्ष में ओडिशा में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधि, लोक निर्माण एवं आबकारी मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने की। इस दौरान राज्य में प्रचलित 14 प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की स्थिति का आकलन किया गया। समीक्षा में 21 किलोमीटर लंबी कटक-कंदरपुर सड़क, 111 किलोमीटर की राजधानी क्षेत्र रिंग रोड तथा मोहना-कोरापुट सड़क सहित संबलपुर, बोरीगुम्मा, जयपुर, टिटिलागढ़, धर्मगढ़, रायरंगपुर, फुलबाणी, नवरंगपुर और झारसुगुड़ा के बाईपास एवं सड़कों की प्रगति पर चर्चा हुई। इंद्रावती, नागावली और तेल नदियों पर बन रहे पुलों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा प्रक्रिया, वन भूमि से जुड़ी जटिलताओं के समाधान तथा बिजली, पेयजल और दूरसंचार ढांचे के स्थानांतरण जैसे मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया। मंत्रियों ने संबंधित जिला कलेक्टरों और विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके।
बैठक में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार पाढ़ी, ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव विशाल कुमार देव, लोक निर्माण विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार सिंह तथा वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव भास्कर ज्योति शर्मा सहित भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। संबंधित जिलों के कलेक्टर और अधिकारी आभासी माध्यम से जुड़े।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
