-
10 जुलाई तक कक्षाएं प्रारंभ करने का लक्ष्य
भुवनेश्वर। ओडिशा उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया समय से पहले शुरू करने की घोषणा की है। विभाग के अनुसार पात्र अभ्यर्थी 27 फरवरी से 15 मार्च 2026 के बीच एसएएमएस पोर्टल पर समान आवेदन प्रपत्र भरकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। विभिन्न विषयों के लिए समान स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा 27 अप्रैल से 10 मई 2026 के बीच आयोजित की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश केवल प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर ही होगा, किसी अन्य मानदंड पर विचार नहीं किया जाएगा। सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में 10 जुलाई 2026 तक कक्षाएं शुरू करने की समय-सीमा निर्धारित की गई है। अधिकारियों का कहना है कि समय पर सत्र प्रारंभ होने से पाठ्यक्रम नियत समय में पूरा होगा, परीक्षाएं बिना विलंब के आयोजित होंगी और परिणाम भी समय पर घोषित किए जा सकेंगे। यह पहल राज्य में प्रवेश प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और शैक्षणिक व्यवस्था को स्थिर बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
