-
मनमोहन सामल की अध्यक्षता में ओडिशा में कोर कमेटी की हुई अहम बैठक
-
प्रत्याशियों के नामों पर मंथन
भुवनेश्वर। ओडिशा में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने रणनीति बनानी शुरू कर दी है। पार्टी की राज्य इकाई की कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को राज्य कार्यालय में आयोजित हुई, जिसमें संभावित प्रत्याशियों और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल ने की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, प्रदेश प्रभारी विजय पाल सिंह तोमर, सह-प्रभारी लता उसेंडी, केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम और धर्मेंद्र प्रधान, उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव एवं प्रभाती परिडा समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं मंत्री सुरेश पुजारी, पूर्व अध्यक्ष समीर मोहंती और बसंत पंडा, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद प्रताप षाड़ंगी, राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद संबित पात्र तथा प्रदेश महासचिव मानस कुमार मोहंती भी बैठक में शामिल हुए।
दो सीटें लगभग तय, तीसरी पर भी नजर
सूत्रों के अनुसार, राज्य में चार सीटों पर चुनाव होना है। संख्या बल के आधार पर भाजपा को दो सीटें मिलना लगभग तय माना जा रहा है, जबकि एक सीट बीजू जनता दल के खाते में जाने की संभावना है। चौथी सीट को लेकर सियासी अटकलें तेज हैं, यह विपक्ष के खाते में जाएगी या सत्ताधारी दल अतिरिक्त सीट हासिल करेगा, इस पर मंथन हुआ।
नामों की सूची संसदीय बोर्ड को भेजी जाएगी
प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल ने बैठक से पहले मीडिया को बताया कि कोर कमेटी संभावित नामों को अंतिम रूप दे सकती है। सभी सदस्य अपने-अपने सुझाव देंगे, जिसके बाद तैयार सूची संसदीय बोर्ड को भेजी जाएगी। अंतिम निर्णय वहीं से होगा, हालांकि बोर्ड के निर्णयों पर कोर कमेटी में भी चर्चा संभव है।
26 फरवरी से नामांकन प्रक्रिया
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 26 फरवरी से शुरू होने जा रही है। ऐसे में भाजपा ने समय रहते अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। आने वाले दिनों में प्रत्याशियों के नाम स्पष्ट होने के साथ ही राज्य की सियासत और गर्माने की संभावना है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
