-
26 फरवरी से चार दिन के प्रवास में संबलपुर, झारसुगुड़ा व पुरी का होगा दौरा
-
प्रशासन को व्यापक तैयारियों के निर्देश
भुवनेश्वर। अंतरराज्यीय जल बंटवारे से जुड़े अहम मामलों की सुनवाई कर रहे महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण का प्रतिनिधिमंडल 26 फरवरी से 2 मार्च 2026 तक चार दिवसीय आधिकारिक दौरे पर ओडिशा आएगा। आधिकारिक सूचना के अनुसार, न्यायाधिकरण की अध्यक्ष और सदस्यगण अपने परिजनों एवं स्टाफ सहित कुल 10 सदस्यीय दल के रूप में राज्य का दौरा करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रतिनिधिमंडल संबलपुर और झारसुगुड़ा का दौरा करेगा। इसके अतिरिक्त दल पुरी भी जाएगा, जहां अध्यक्ष एवं सदस्यगण श्री जगन्नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।
दौरे की तैयारियों को लेकर राज्य के गृह विभाग ने खुर्दा, पुरी, झारसुगुड़ा और संबलपुर के जिलाधिकारियों को आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित करने पर जोर दिया गया है। जिला प्रशासन को आवास, परिवहन, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को पुख्ता करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दौरे के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए।
महानदी जल बंटवारे को लेकर चल रहे अंतरराज्यीय विवाद के मद्देनजर न्यायाधिकरण का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संबंधित जिलों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं और प्रशासन चार दिवसीय प्रवास को सफल एवं व्यवस्थित बनाने में जुट गया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
