-
ट्रेलर और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर, तीन की हालत गंभीर
झारसुगुड़ा। झारसुगुड़ा जिले में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह भीषण टक्कर झारसुगुड़ा सदर थाना के सामने उस समय हुई, जब ड्यूटी पर जा रही बोलेरो वाहन की सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से सीधी भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस घटना से पूरे जिले और पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतकों की पहचान एपीआर जवान काशीराम भोई, देबदत्त सा, ड्रिल उपनिरीक्षक निरंजन कुजूर, एपीआर हवलदार लिंगराज धुरुआ तथा होमगार्ड भक्तबंधु मिर्धा के रूप में हुई है। उनके आकस्मिक निधन से परिजनों, सहकर्मियों और स्थानीय समुदाय में गहरा शोक व्याप्त है।
तीन झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती
हादसे में दो एपीआर जवान और एक सार्जेंट गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल बचाव दल द्वारा झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।
ट्रेलर चालक हिरासत में, जांच शुरू
पुलिस ने ट्रेलर चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
