Home / Odisha / ओडिशा में 44,241 करोड़ के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी

ओडिशा में 44,241 करोड़ के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी

  •     10 औद्योगिक परियोजनाओं से 8,765 से अधिक रोजगार सृजन की संभावना

भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को 44,241 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी। ये प्रस्ताव आठ जिलों में स्थापित होने वाली 10 औद्योगिक परियोजनाओं से जुड़े हैं। उच्चस्तरीय स्वीकृति प्राधिकरण की 44वीं बैठक में इन परियोजनाओं को हरी झंडी दी गई। इनसे 8,765 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

नवीकरणीय ऊर्जा और सेमीकंडक्टर क्षेत्र को बढ़ावा

मंजूर प्रस्तावों में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की चार पंप्ड स्टोरेज जलविद्युत परियोजनाएं प्रमुख रहीं। इनमें अडानी हाइड्रो एनर्जी ट्वेल्व लिमिटेड द्वारा नयागढ़ में 9,731.47 करोड़ रुपये, संगमम सीडी हाइड्रो कंसोर्टियम द्वारा कोरापुट में 9,000 करोड़ रुपये, ग्रीनको ओआर01आईआरईपी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कालाहांडी में 7,506.94 करोड़ रुपये और जिंदल ग्रीन पीएसपी टू प्राइवेट लिमिटेड द्वारा देवगढ़ में 3,711.56 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव शामिल हैं।

सेमीकंडक्टर सेक्टर में, एएसपी सेमीकॉन प्राइवेट लिमिटेड 4,620 करोड़ रुपये के निवेश से खुर्दा में मेमोरी चिप मॉड्यूल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाएगी, जिससे 2,500 नौकरियां पैदा होंगी।

विनिर्माण इकाइयों से औद्योगिक विस्तार

खुर्दा में ही मैग्नोवा प्राइवेट लिमिटेड 1,050 करोड़ रुपये की लागत से उच्च-प्रदर्शन चुंबक निर्माण इकाई स्थापित करेगी, जिससे उन्नत पदार्थ और दुर्लभ खनिज क्षेत्र में राज्य की उपस्थिति मजबूत होगी।

भारत फोर्ज लिमिटेड ढेंकानाल में 3,000 करोड़ रुपये के निवेश से ऑटोमोबाइल, एयरोस्पेस और रक्षा उपकरणों के निर्माण की इकाई स्थापित करेगी, जिससे लगभग 1,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।

दक्षिण ओडिशा में एनसीएल इंडस्ट्रीज लिमिटेड कोरापुट में 2,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जबकि डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड मालकानगिरि में समान राशि से एक एकीकृत सीमेंट संयंत्र स्थापित करेगी। इन दोनों परियोजनाओं से लगभग 2,000 रोजगार सृजित होने का अनुमान है।

इसके अतिरिक्त, श्रीटेक डेटा लिमिटेड-सीएलएस पुरी में 1,622 करोड़ रुपये के निवेश से केबल लैंडिंग स्टेशन विकसित करेगी, जिससे पूर्वी तट पर दूरसंचार अवसंरचना को सुदृढ़ किया जाएगा।

इन निवेश प्रस्तावों की स्वीकृति से ओडिशा में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …