-
187 आरोपी गिरफ्तार
भुवनेश्वर। साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए ओडिशा पुलिस द्वारा शुरू किया गया विशेष अभियान ‘ऑपरेशन साइबर कवच’ दसवें दिन भी तेज़ी से जारी है। राज्य के पुलिस महानिदेशक योगेश बहादुर खुरानिया के निर्देश पर जिला एसपी और डीसीपी के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में जिला साइबर क्राइम यूनिटों द्वारा कार्रवाई की जा रही है, जबकि पूरे अभियान का समन्वय सीआईडी क्राइम ब्रांच कर रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य साइबर अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करना है। अब तक पूरे राज्य में कुल 3,625 म्यूल (बेनामी) बैंक खातों की जांच की जा चुकी है। 275 म्यूल अकाउंट से जुड़े मामले, 8 चेक निकासी मामले तथा 7 फर्जी सिम पीओएस जांच से संबंधित मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 187 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 1,075 संदिग्ध सहयोगियों और खाताधारकों को नए मामलों तथा 84 पुराने एफआईआर के आधार पर कानूनी नोटिस जारी की गई है। अभियान के दौरान जगतसिंहपुर पुलिस ने 20 बेनामी खातों की जांच कर 1 साइबर मामला दर्ज किया। जाजपुर पुलिस ने 44 खातों की जांच कर 4 मामले दर्ज किए और 47 लोगों को नोटिस जारी की है। केंद्रापड़ा पुलिस ने 88 खातों की जांच कर 5 मामले दर्ज करते हुए 67 लोगों को नोटिस दी। खुर्दा पुलिस ने 98 खातों की जांच कर 6 मामले दर्ज किए और 2 लोगों को नोटिस जारी की। पुरी पुलिस ने 71 बेनामी खातों की जांच कर म्यूल बैंक से जुड़े 4 और चेक निकासी से जुड़े 1 मामला दर्ज कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा 15 लोगों को नोटिस दी। इसके अलावा बलांगीर, झारसुगुड़ा, केंदुझर, राउरकेला, भद्रक, मयूरभंज, यूपीडी भुवनेश्वर, ब्रह्मपुर, गजपति, गंजाम, अनुगूल, कलाहांडी, कोरापुट, नुआपड़ा, रायगड़ा, कटक, नयागढ़, बरगढ़, संबलपुर, सुंदरगढ़, बौध, कंधमाल, मालकानगिरि, नवरंगपुर, देवगढ़ और ढेंकानाल सहित सभी जिलों में भी बेनामी खातों की जांच, मामले दर्ज, गिरफ्तारी और नोटिस जारी की गई है। ओडिशा पुलिस ने कहा है कि राज्यवासियों के डिजिटल लेनदेन की सुरक्षा के लिए वह प्रतिबद्ध है और साइबर अपराध मुक्त ओडिशा के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आने वाले दिनों में अभियान को और कड़ा किया जाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
