Home / Odisha / लंबित कार्यों के लिए रिश्वत न दें – सुरेश पुजारी

लंबित कार्यों के लिए रिश्वत न दें – सुरेश पुजारी

  •     राजस्व मंत्री ने नागरिकों से की अपील

  •     कहा- राज्य सरकार पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध

भुवनेश्वर। ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने मंगलवार को नागरिकों से अपील की कि वे अपने लंबित कार्यों के निपटारे के लिए किसी भी राजस्व अधिकारी को रिश्वत न दें। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सुरेश पुजारी ने कहा कि राजस्व विभाग अधिकारियों को सौंपे गए दैनिक कार्यों की लगातार निगरानी कर रहा है। मैं स्वयं फोन के माध्यम से शिकायतें और समस्याएं सुन रहा हूं। कभी-कभी कार्यों में विलंब हो सकता है, लेकिन नागरिकों को अपने काम कराने के लिए किसी भी स्थिति में रिश्वत नहीं देनी चाहिए।

उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि कोई अधिकारी धन की मांग करता है तो वे सीधे उन्हें सूचित करें, और कहा कि सरकार इस मामले में सतर्क और जवाबदेह बनी हुई है।

भ्रष्टाचार के प्रति सरकार के सख्त रुख को स्पष्ट करते हुए सुरेश पुजारी ने स्वीकार किया कि राजस्व विभाग के कार्यालयों में रिश्वतखोरी लंबे समय से एक समस्या रही है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है और अब तक लगभग 300 ओडिशा प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। इसके अलावा कई राजस्व निरीक्षकों को निलंबित किया गया है और अनेक अधिकारियों को कानून के अनुसार गिरफ्तार भी किया गया है।

मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों में वीआईपी की तरह सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि वास्तव में जनता ही असली मालिक है। किसी भी कार्यालय में आने वाले नागरिक या शिकायतकर्ता को बैठने की सुविधा और पीने का पानी देना अनिवार्य है। हालांकि, भ्रष्टाचार एक आदत बन चुका है, जिसे पूरी तरह समाप्त करने के लिए व्यापक सुधारों की आवश्यकता है।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …