-
कहा-राज्य में एंबुलेंस सेवाएं होंगी और मजबूत
-
कलिंग स्टेडियम में मुख्यमंत्री ने 250 नई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाई
-
राज्य में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़
-
हर ब्लॉक से जिला अस्पताल और एससीबी मेडिकल कॉलेज तक उपलब्ध होगी निर्बाध सुविधाएं
-
विमान योजना से एयरस्ट्रिप पर भी मिलेगी एंबुलेंस
भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि समय पर मरीजों को अस्पताल पहुंचाना और मृत्यु दर में कमी लाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से एंबुलेंस सेवाओं को अधिक सुदृढ़, तेज और कार्यक्षम बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य के प्रत्येक ब्लॉक से जिला मुख्यालय अस्पतालों तथा जिला अस्पतालों से कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तक निर्बाध एंबुलेंस सेवा सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही ‘विमान योजना’ के तहत राउरकेला और जयपुर जैसे एयरस्ट्रिप पर भी एंबुलेंस सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे आपातकालीन मरीजों को त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सके।
250 नई एंबुलेंस का शुभारंभ
राज्य में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को भुवनेश्वर स्थित कलिंग स्टेडियम में दूसरे चरण के तहत 250 नई एंबुलेंस का शुभारंभ किया।
राज्य सरकार ने समयबद्ध आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कुल 428 नई एंबुलेंस सेवाओं की व्यवस्था की है। इसके पहले चरण में 23 दिसंबर को 150 एंबुलेंस को शामिल किया गया था, जबकि दूसरे चरण में 250 नई एंबुलेंस का आज लोकार्पण किया गया। इन सभी एंबुलेंस की खरीद के लिए राज्य सरकार ने अपने स्वयं के संसाधनों से लगभग 111 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
वर्तमान में 866 आपातकालीन एंबुलेंस सेवाएं संचालित
वर्तमान में राज्य में 866 आपातकालीन एंबुलेंस सेवाएं संचालित हो रही हैं। इसके अतिरिक्त गर्भवती महिलाओं और बीमार नवजात शिशुओं के लिए ‘जननी एक्सप्रेस’ योजना के तहत 500 विशेष एंबुलेंस सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जो राज्यवासियों के लिए जीवनरेखा के रूप में कार्य कर रही हैं।
हवाई अड्डों के लिए पांच एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस
गौरतलब है कि वर्तमान में राज्य के विभिन्न हवाई अड्डों के लिए पांच एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस तथा झारसुगुड़ा स्थित कैंसर अस्पताल के लिए दो एएलएस एंबुलेंस तैनात की गई हैं। राज्यभर में प्रतिदिन औसतन 5,000 से अधिक मरीजों को एंबुलेंस सेवाओं के माध्यम से सरकारी अस्पतालों तक पहुंचाया जा रहा है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ मुकेश महालिंग, एकाम्र विधायक बाबू सिंह, स्वास्थ्य विभाग की आयुक्त-सह-सचिव अश्वती एस., राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक डॉ वृंदा डी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
