-
झारसुगुड़ा, राउरकेला, जयपुर (कोरापुट) और उत्केला हवाई अड्डों से 40 पुलिस सुरक्षा कर्मी ले रहे हैं भाग
भुवनेश्वर। राज्य के विभिन्न हवाई अड्डों पर नागरिक उड्डयन सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मंगलवार को भुवनेश्वर स्थित बीजू पटनायक राज्य पुलिस अकादमी (बीपीएसपीए) में दो सप्ताह के नागरिक उड्डयन सुरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन सुबह 11 बजे अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) संजय कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस प्रशिक्षण में झारसुगुड़ा, राउरकेला, जयपुर (कोरापुट) और उत्केला (कालाहांडी) हवाई अड्डों से 40 पुलिस सुरक्षा कर्मी भाग ले रहे हैं।
प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए एडीजी संजय कुमार ने उन्हें पूरी निष्ठा और पेशेवर प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता और निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के कड़ाई से पालन पर जोर दिया।
नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो के क्षेत्रीय निदेशक प्रदीप बक्सला ने प्रतिभागियों को नागरिक उड्डयन सुरक्षा से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं और मानक संचालन प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में वाणिज्य एवं परिवहन विभाग की विशेष सचिव-सह-नागरिक उड्डयन निदेशक देबदत्त सुरंजीत जेना, पुलिस अधीक्षक यूएस मिश्र और विमानन सलाहकार सुरेश चंद्र होता भी उपस्थित रहे। इस प्रशिक्षण शिविर का समन्वय एवं संचालन उप सेनानायक ललितेंदु मोहंती द्वारा किया जा रहा है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
