-
ओडिशा के प्रमुख वामपंथी दलों का भी मिला समर्थन
भुवनेश्वर। केंद्रीय श्रमिक संगठनों और स्वतंत्र फेडरेशनों के आह्वान पर 12 फरवरी को प्रस्तावित देशव्यापी आम हड़ताल को ओडिशा के प्रमुख वामपंथी दलों ने पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने संयुक्त रूप से राज्य में हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया है। भुवनेश्वर स्थित भगवती भवन में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में इन वामदलों के नेता उपस्थित थे।
वामपंथी दलों ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा-नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के तीसरे कार्यकाल में श्रमिकों, किसानों, युवाओं, छात्रों, महिलाओं, दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों पर लगातार हमले हो रहे हैं। बारह सूत्री जनदावों को लेकर लंबे समय से आंदोलन के बावजूद सरकार द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने के विरोध में यह आम हड़ताल बुलाई गई है।
प्रमुख मांगों में चार श्रम संहिताओं को रद्द करने, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कानून की पुनर्बहाली, आंगनवाड़ी, आशा, रसोइया सहित योजना कर्मियों को श्रमिक का दर्जा देने, निजीकरण और विनिवेश पर रोक, बिजली संशोधन विधेयक रद्द करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, न्यूनतम पेंशन बढ़ाने, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी और बढ़ती महंगाई पर रोक लगाने की मांग शामिल है।
वाम दलों ने ओडिशा में महिलाओं की सुरक्षा, धान खरीद में अव्यवस्था, बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था की बदहाली और बिजली बिल से जुड़े मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर भी तीखा हमला बोला।
संयुक्त पत्रकार वार्ता में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव डॉ प्रशांत कुमार मिश्र, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के राज्य सचिव सुरेश पाणिग्राही, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के राज्य सचिव युधिष्ठिर महापात्र, ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के राज्य अध्यक्ष पूर्णचंद्र पाढ़ी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सह-सचिव जयंत दास और पूर्व विधायक एन नारायण ने आम जनता से हड़ताल में शामिल होने की अपील की।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
