-
‘आम बस’ सेवा में महिला ड्राइवरों को शामिल करने की प्रक्रिया शुरू
भुवनेश्वर। शहरी परिवहन में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए ओडिशा सरकार की प्रमुख सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था कैपिटल रीजन अर्बन ट्रांसपोर्ट ने अपनी ‘आम बस’ सेवा में महिला ड्राइवरों को शामिल करने की प्रक्रिया शुरू की है।
इस पहल के तहत पहले चरण में भारी मोटर वाहन लाइसेंस धारक 20 महिला ड्राइवरों का चयन किया गया है, जिन्हें आधुनिक इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। चयनित महिला ड्राइवर आज विमान से पुणे के लिए रवाना हुईं, जहां वे उन्नत इलेक्ट्रिक बस संचालन में अपनी दक्षता बढ़ाने के लिए उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी।
पुणे रवाना होने से पहले महिला ड्राइवरों को आवास एवं शहरी विकास मंत्री डॉ कृष्ण चंद्र महापात्र और आवास एवं शहरी विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती ऊषा पाढ़ी ने सम्मानित किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करने और सार्वजनिक परिवहन सेवा में एक मिसाल कायम करने के लिए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
यह 14 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 2 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। जर्मन विकास एजेंसी जीआईजेड के तकनीकी सहयोग से पुणे स्थित मूल उपकरण निर्माता ‘एक्का मोबिलिटी’ के संयंत्र में यह प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में इलेक्ट्रिक बस संचालन, उन्नत ड्राइविंग तकनीक, सुरक्षा प्रोटोकॉल और परिचालन उत्कृष्टता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सभी प्रशिक्षु 17 फरवरी 2026 को लौटेंगी।
खारवेल भवन के तृतीय तल स्थित सम्मेलन कक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में कैपिटल रीजन अर्बन ट्रांसपोर्ट के प्रबंध निदेशक संजय बिस्वाल, महाप्रबंधक सहदेव समाधिया सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने महिला ड्राइवरों को प्रोत्साहित किया और कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण तथा शहरी सार्वजनिक परिवहन को सुदृढ़ करने के प्रति कैपिटल रीजन अर्बन ट्रांसपोर्ट की प्रतिबद्धता को दोहराया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
