-
चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति के लिए भाग लेने वाले बोलीदाताओं से अवैध धन वसूली
-
ओडिशा विजिलेंस ने सूचना पर की कार्रवाई
भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस की टीम ने एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, कटक के हेपेटोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ सनातन बेहरा को संदिग्ध अवैध नकदी के साथ पकड़ा है। उनके पास से 2.63 लाख की नकदी बरामद की गई है।
विजिलेंस सूत्रों के अनुसार, चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति के लिए भाग लेने वाले बोलीदाताओं से अवैध धन वसूली की विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गई। डॉ बेहरा को कटक के काठगोलासाही-मेडिकल रोड पर उस समय रोका गया, जब वे अपने सरकारी आवास की ओर जा रहे थे। वे अपने स्कूटर (ओडी-05-बीएस-7309) से जा रहे थे।
जांच के दौरान उनके पास से 2,63,000 की संदिग्ध नकदी बरामद हुई। संतोषजनक जवाब न देने पर नकदी जब्त कर ली गई। विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के बाद डॉ बेहरा से जुड़े तीन ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति के पहलू से तलाशी जारी है। नकदी के स्रोत का पता लगाने के लिए उनसे पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में कटक विजिलेंस थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 के तहत केस संख्या 4/2026 दर्ज किया गया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
