-
दो दिवसीय दौरे का कार्यक्रम तय
-
श्वेतगंगा में करेंगी पिंडदान और श्रीमंदिर में महाप्रभु जगन्नाथ के दर्शन
-
राष्ट्रपति आगमन पर मंदिर में आम दर्शन स्थगित
पुरी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 3 फरवरी को ओडिशा की पवित्र नगरी पुरी के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगी। यह यात्रा ओडिशा की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा से उनके गहरे जुड़ाव को दर्शाती है। राष्ट्रपति 3 फरवरी की रात पुरी में ही विश्राम करेंगी। 4 फरवरी की सुबह उनका कार्यक्रम धार्मिक अनुष्ठानों से शुरू होगा। सुबह 7 बजे राष्ट्रपति श्वेतगंगा में पिंडदान करेंगी, जहां वे पूर्वजों के सम्मान में विधि-विधान से अनुष्ठान में भाग लेंगी। इसके बाद सुबह 7:40 बजे वह श्रीमंदिर पहुंचकर महाप्रभु जगन्नाथ के दर्शन करेंगी। दर्शन कार्यक्रम सुबह 8:20 बजे तक पूर्ण होगा, जिसके बाद राष्ट्रपति वापस लौटेंगी।
श्रीमंदिर के सिंहद्वार पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत गजपति महाराज और छत्तीसा नियोग नायक द्वारा किया जाएगा। दर्शन संपन्न होने के बाद श्रीमंदिर प्रशासन की ओर से राष्ट्रपति को सम्मान स्वरूप विशेष भेंट प्रदान की जाएगी।
राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए श्रीमंदिर में आम भक्तों के लिए दर्शन अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। पाली सेवकों को पास जारी किए जाएंगे ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। यह जानकारी छत्तीसा नियोग की बैठक के बाद श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रशासन के मुख्य प्रशासक अरबिंद कुमार पाढ़ी ने दी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
