Home / Odisha / ओडिशा बंद से जनजीवन प्रभावित, सड़कों पर उतरे किसान संगठन
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

ओडिशा बंद से जनजीवन प्रभावित, सड़कों पर उतरे किसान संगठन

  •     धान खरीदी, स्मार्ट मीटर और पीयूसीसी जुर्माने को लेकर जताया विरोध

  •     खाद्य मंत्री बोले- किसान सरकार के साथ

भुवनेश्वर। धान खरीदी में कथित अनियमितताओं, स्मार्ट मीटर लगाए जाने और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) के नाम पर भारी जुर्माने के विरोध में नव निर्माण कृषक संगठन (एनएनकेएस) द्वारा बुधवार को आहूत 8 घंटे के ओडिशा बंद से राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित रहा। बंद सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रभावी रहा।

सड़कों पर प्रदर्शन, यातायात बाधित

एनएनकेएस कार्यकर्ता भुवनेश्वर सहित राज्य के विभिन्न जिलों में सड़कों पर उतरे। कई स्थानों पर टायर जलाकर प्रदर्शन, सड़क जाम और पिकेटिंग की गई, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। भुवनेश्वर के बाहरी इलाके उत्तराछक में सड़क जाम के कारण ट्रैफिक बाधित रहा। हालांकि, आपातकालीन और स्वास्थ्य सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया।

सार्वजनिक परिवहन पर असर, यात्रियों को परेशानी

बंद का असर सार्वजनिक परिवहन पर भी दिखा। कटक सहित कई क्षेत्रों में निजी बसें सड़कों से नदारद रहीं, जिससे बस टर्मिनलों पर यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। नेताजी बस टर्मिनल पर फंसे एक यात्री ने कहा कि मुझे केंद्रापड़ा जाना है, लेकिन बसें नहीं हैं। बंद की जानकारी नहीं थी, अब इंतजार के अलावा कोई विकल्प नहीं है।

जिलों में भी हुआ प्रदर्शन

पश्चिम ओडिशा में कई स्थानों पर पिकेटिंग की गई। सोनपुर जिले के बिनिका में कॉलेज चौक के पास बिनिका-बरपाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन से यातायात प्रभावित हुआ। बलांगीर में प्रदर्शनकारियों ने मुख्य डाकघर में ताला लगाया और शहर के विभिन्न हिस्सों में वाहनों की आवाजाही रोकी।

स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा। खबर लिखे जाने तक किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली थी।

कांग्रेस और बीजद का समर्थन

कांग्रेस ने बंद को समर्थन दिया। बीजू जनता दल (बीजद) ने औपचारिक समर्थन से दूरी बनाए रखी, लेकिन प्रेस वार्ता में प्रदर्शनकारियों के साथ एकजुटता जताई। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बंद को खारिज करते हुए इसे फर्जी किसान आंदोलन करार दिया।

मंत्री का दावा- बंद ‘सुपर फ्लॉप’

खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने बंद को सुपर फ्लॉप बताते हुए कहा कि राज्यभर के किसान इसमें शामिल नहीं हुए। उन्होंने दावा किया कि वास्तविक किसान सड़कों पर नहीं उतरे और न ही कहीं सड़क जाम किया। मंत्री ने कहा कि किसानों का सरकार पर भरोसा कायम है और उन्हें गुमराह करने के प्रयास असफल रहे हैं।

धान खरीदी पर सरकार का पक्ष रखा

मंत्री पात्र के अनुसार, ओडिशा में धान खरीदी सुचारू रूप से चल रही है। मंगलवार तक राज्य में 37,91,225 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है। उन्होंने बताया कि अब तक 8,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में स्थानांतरित की जा चुकी है। कई जिलों में खरीदी पूरी हो चुकी है, जबकि अन्य में अंतिम चरण में है। सरकार ने पारदर्शी प्रक्रिया, समय पर भुगतान और न्यूनतम असुविधा का भरोसा दोहराया।

भुवनेश्वर में 50 से अधिक प्रदर्शनकारी हिरासत में

इस बीच, बंद के दौरान भुवनेश्वर में 50 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। इसकी पुष्टि करते हुए भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त जगमोहन मीणा ने बताया कि हिरासत में लिये गए लोगों को अस्थायी रूप से रिजर्व कार्यालय स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।

डीसीपी मीणा ने कहा कि उनके नेता को भी गिरफ्तार किया गया है। शहर की स्थिति फिलहाल सामान्य है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी समूह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एनकेएस के संयोजक अक्षय कुमार ने कहा था कि बंद का असर रेल सेवाओं और आपातकालीन सेवाओं पर नहीं पड़ेगा। हालांकि, संगठन ने व्यापारिक और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों से बंद के दौरान अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की थी।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …