-
धनबाद से दो आरोपी गिरफ्तार, लूटा गया सोना व वाहन बरामद
बड़बिल। बैंक ऑफ महाराष्ट्र की बड़बिल शाखा में हुई सनसनीखेज सशस्त्र लूट के मामले में ओडिशा और झारखंड पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने धनबाद से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए सोने का एक हिस्सा बरामद किया है।
बंदूक की नोक पर स्ट्रॉन्ग रूम लूटा
लुटेरों ने बैंक के स्ट्रॉन्ग रूम में घुसकर बंदूक की नोक पर 4,38,700 रुपये नकद और 155 पैकेटों में रखे 6.4 किलोग्राम सोने की लूट की थी। जल्दबाजी और घबराहट में बदमाश ग्राहकों के 51 पैकेट सोना वहीं छोड़कर फरार हो गए थे।
मामला दर्ज, विशेष टीम गठित
घटना के बाद बड़बिल थाना में कांड संख्या 29/26 दर्ज किया गया। मामला बीएनएस की धारा 310(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत पंजीकृत किया गया। जांच के लिए केंदुझर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रत्युष महापात्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जो धनबाद पहुंची।
सिंदरी और निरसा में छापेमारी
स्थानीय पुलिस के सहयोग से टीम ने धनबाद के सिंदरी और निरसा इलाकों में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजा कुमार सिंह (27), मूल निवासी जमुई (बिहार), वर्तमान पता चासनाला, धनबाद तथा कुणाल राज वर्मा (33), निवासी निरसा, धनबाद के रूप में हुई है।
सोना, स्कॉर्पियो वाहन और मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 288 ग्राम सोना, दो स्कॉर्पियो वाहन और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी मुख्य गिरोह के सहयोगी थे। इनमें से एक ड्राइवर की भूमिका में था, जबकि दूसरा लूटे गए सोने की खरीद में शामिल था।
मुख्य आरोपी अब भी फरार
हालांकि गिरफ्तारी को बड़ी सफलता माना जा रहा है, लेकिन छह मुख्य आरोपी अब भी फरार हैं। उनकी तलाश में कई पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
रोड मार्च से भेजा गया थाने
बड़बिल लाए जाने के बाद आरोपियों को रोड मार्च कर थाने ले जाया गया, जिसे स्थानीय लोगों ने सराहा। बड़बिल एसडीपीओ देवेंद्र नाथ पिंगुआ ने बताया कि पुलिस टीमें दिन-रात काम कर रही हैं और जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
